तस्वीर में स्कूली छात्राएं पंचायत आम चुनाव 2026 के लिए स्वीप बैनर लेकर रैली निकालती दिख रही हैं।b   

बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में पंचायत आम चुनाव 2026 के मद्देनजर मतदाता जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। स्वीप टीम बड़ी सादड़ी की ओर से विद्यालय स्तर पर रैलियों, रोड शो, विद्यार्थियों से संवाद कार्यक्रमों और बाल सभाओं के माध्यम से मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बोहेड़ा स्थित पीएम श्री विद्यालय के खेल मैदान से जिले के 11 खंडों के लगभग खिलाड़ियों ने शत-प्रतिशत मतदान करवाने की हुंकार भरी।

पंचायत आम चुनाव 2026 के तहत 14 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों तथा 16 नवंबर को पंच और सरपंच के चुनाव होने हैं। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है। इसी को लेकर स्वीप टीम विभिन्न विद्यालयों और खेलकूद आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और उनके परिजनों को मतदान के प्रति जागरूक कर रही है।

स्वीप टीम के प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि आज महूडा, बांसी के महात्मा गांधी विद्यालय, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बांसी, बोहेड़ा में आयोजित जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के स्थल तथा बड़ी सादड़ी के प्राथमिक विद्यालय में खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर सभाओं के माध्यम से विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि पंचायत आम चुनाव 2026 में निर्वाचन आयोग के शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शक्तावत ने “वोट हमारी जिम्मेदारी” और “सारे काम छोड़कर सबसे पहले वोट दो” का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने प्रत्यक्ष मतदाता परिजनों, जिनमें दादा-दादी, ताऊ-ताई, माता-पिता, चाचा-चाची और भैया-भाभी शामिल हैं, को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इसके साथ ही नाना-नानी, मामा-मामी, मौसी, बुआ-फूफा, जीजा और जीजी जैसे अन्य परिजनों को भी मतदान के लिए प्रेरित कर मतदान करने का संकल्प दिलाया गया।

शक्तावत ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने विद्यालयों के विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को सुपर स्टार प्रचारक माना है। ऐसे में इस भूमिका पर खरा उतरना सभी की जिम्मेदारी है। रैलियों, रोड शो, संवाद कार्यक्रमों, बाल सभाओं और खेल सभाओं के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है।

यह अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के निर्देशानुसार, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला स्वीप टीम के प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में चलाया जा रहा है। रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में खंड की स्वीप टीम के प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा, सह प्रभारी अधिकारी खेमराज मीणा और जगदीश चंद्र धाकड़, खंड मुख्य शिक्षा अधिकारी के सानिध्य में मतदाताओं को जागरूक करने के प्रयास कर रहे हैं।

अभियान में टीम के सहयोगी सदस्यों कैलाश चंद्र रावत, रामेश्वर लाल मेघवाल, शंभू लाल अहीर, हुसैन बोहरा और शारिक मंसूरी सहित विद्यालयों के प्रधानाचार्य पुराण मल दमामी और हीरा लाल सालवी मौजूद रहे। खेलकूद आयोजन समिति के संयोजक सुभाष बुनकर, सह संयोजक नारायण लाल अग्रवाल और कैलाश चंद्र मालू के साथ जिले से आए निर्णायक मंडल के सदस्य तथा विद्यालयों का समस्त स्टाफ भी इन कार्यक्रमों में शामिल रहा।

स्वीप टीम के इन प्रयासों के माध्यम से पंचायत आम चुनाव 2026 में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को जागरूकता अभियान से जोड़ा जा रहा है।

Tags: