बड़ी सादड़ी में पंचायत चुनाव को लेकर विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.   

बड़ी सादड़ी। पंचायत आम चुनाव 2026 में अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने के लिए बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में मतदाता जागरूकता अभियान ने गति पकड़ ली है। स्वीप टीम ने गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीण मतदाताओं को जागरूक किया और आगामी चुनावों में अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की। मानपुरा सहित कई गांवों में नारेबाजी और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी का संदेश पहुंचाया गया।

स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत के नेतृत्व में आयोजित अभियान के तहत खोडिया खेड़ा, सोलंकिया खेड़ा, सबल पूरा, कहारा, खुमान सिंह जी खेड़ा और मानपुरा में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान ग्रामीण मतदाताओं को बताया गया कि 14 नवम्बर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदान होगा, जबकि 16 नवम्बर 2026 को सरपंच एवं वार्ड पंच के चुनाव के लिए मतदान किया जाएगा। टीम ने ग्रामीणों से चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

इससे पूर्व कल दोपहर बाद कचूमरा में विद्यार्थियों ने जोरदार जागरूकता रैली निकाली। पूरे गांव में गूंजते गगनभेदी नारों के साथ छात्राओं ने ग्रामीणों और मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया।

यह अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा तथा सहयोगी खेमराज मीणा एवं अतिरिक्त विकास अधिकारी खेमराज मीणा के सानिध्य में टीम उपखंड क्षेत्र में लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर रही है।

अभियान के तहत पूरे उपखंड क्षेत्र के सभी राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों से ऊपर के विद्यालयों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। इनमें दिव्यांग, महिला, युवा और बुजुर्ग मतदाताओं तक मतदान का संदेश पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि प्रत्येक वर्ग चुनावी प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।

जागरूकता अभियान के दौरान 'सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो', 'वोट हमारी जिम्मेदारी', 'लोकतंत्र रूपी महापर्व को सफल बनाएं', 'वोट जरूर दें', 'ना नोट से, ना दारू से, वोट दें अपनी इच्छा से' जैसे नारों के जरिए मतदाताओं को निर्भीक होकर अपने विवेक से मतदान करने का संदेश दिया गया।

बड़ी सादड़ी उपखंड में गांवों से लेकर विद्यालयों तक चल रहा यह अभियान पंचायत आम चुनाव 2026 में जिला परिषद, पंचायत समिति, सरपंच एवं वार्ड पंच के चुनावों के दौरान मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार जारी है।

Tags: