विद्यार्थी निम्बाहेड़ा के विद्यालय में मतदाता जागरूकता संगोष्ठी में बैठे हैं।

निम्बाहेड़ा। पंचायत आम चुनाव 2026 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिनोता स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतदाता जागरूकता संगोष्ठी एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार, प्रक्रिया और लोकतंत्र में एक-एक वोट के महत्व की जानकारी देकर चुनाव में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

उपखंड अधिकारी विकास पंचोली एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शशि कुमार उपाध्याय के निर्देशानुसार आयोजित संगोष्ठी प्रधानाचार्य डॉ. हीरालाल लुहार के सान्निध्य में हुई। इस दौरान विद्यार्थियों को 14 व 16 नवम्बर को होने वाले पंचायत आम चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही आदर्श आचार संहिता, मेरा वोट मेरा अधिकार, एक वोट का महत्व, मतदान प्रक्रिया, पहचान दस्तावेज और नोटा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

संगोष्ठी में मतदान प्रक्रिया में उपयोग होने वाले कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट, मतदाता पेटी और एरोक्रोस सील सहित चुनाव से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक रहने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दिलाया गया।

इस अवसर पर मधुबाला मूंदड़ा, अंजली महावर, राजेन्द्र वैष्णव, अन्तिमबाला कुमावत, राजलक्ष्मी कुमावत और आरती गौड़ सहित स्काउट स्वयंसेवक दक्ष कुमावत, पायल मीणा, लक्षिता गायरी, गुण बाला कुमावत, देवेंद्र कुमावत, रवि गायरी, फूलवंती रावल, पूजा आचार्य और संदीप लखारा सहित स्काउट-गाइड तथा विद्यार्थी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। मधु मूंदड़ा ने उपस्थित लोगों को मतदान की शपथ दिलाई, जबकि राजेन्द्र वैष्णव ने आभार व्यक्त किया।

Tags: