चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन, मदन राठौर के बयान पर पुतला दहन
चित्तौड़गढ़ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर के कथित बयान के विरोध में कलेक्ट्रेट चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाकर आक्रोश जताया।
चित्तौड़गढ़ के कलेक्ट्रेट चौराहे पर मदन राठौर के बयान के विरोध में पुतला दहन करती कांग्रेस।
चित्तौड़गढ़ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर के कथित पाकिस्तान समर्थक बयान के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को प्रदर्शन कर उनका पुतला दहन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए भाजपा और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन से पहले स्टेशन चौराहे पर बड़ी एलईडी लगाकर मदन राठौर के बयान को आमजन और कांग्रेस पदाधिकारियों को सुनाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा चुनाव के दौरान पाकिस्तान को लाल आंख दिखाने और सबक सिखाने की बात कहकर सत्ता में आई थी, लेकिन अब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने सार्वजनिक मंच पर पाकिस्तान का साथ देने जैसी निंदनीय बात कही है।
जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया और कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पाकिस्तान भारत में आतंकवादियों को प्रश्रय देने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में 14 फरवरी को पुलवामा में भारतीय सैनिकों पर हुए आत्मघाती हमले में भारत के 40 सैनिक शहीद हुए थे। इसके बाद अप्रैल 2025 में पहलगाम में पाकिस्तान के आतंकवादियों ने भारत के 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या कर दी थी। कांग्रेस नेताओं ने इन घटनाओं का उल्लेख करते हुए मदन राठौर के बयान पर दुख जताया और इसे देश के लिए गंभीर विषय बताया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का यह कथन देश के वीर सैनिकों, अमर शहीदों और आतंकवादी गतिविधियों में अपनी जान गंवाने वाले असंख्य निर्दोष नागरिकों का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के बयानों की घोर निंदा करती है और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर के साथ-साथ सरकार के खिलाफ भी अपना विरोध दर्ज कराती है।
पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन के दौरान संदीप शर्मा, अजय लोट, शिल्पन साहू, दिनेश गुर्जर, नासिर खान, विजय चौहान, इम्तियाज हुसैन, लक्ष्मण सिंह सांखला, दिनेश शर्मा, विनोद लड्ढा, गोविन्द कोठारी, विजय चौधरी, पार्षद संदीप सिंह शम्मी, रेहाना हसन, वासु लोट, हिमांशु बारेगामा, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष यशोदा पुरोहित, गौतम विजयवर्गी, अनिल सेठी, चक्षु शर्मा, किशन लाल दशोरा, राजकुमार वैष्णव, अशोक वैष्णव, मनीष सुथार, सफीना खान, मधु गोस्वामी, रामरतन गाडरी, सद्दाम खान, युवराज सिंह चौहान, खुमेंद्र गुर्जर, संजय राव, देवेंद्र दयाल सालवी, मोहसिन खान, फरमान अली और लियाकत मंसूरी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।