चित्तौड़गढ़: पंचायती राज चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित
इंदिरा प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में आयोजित प्रशिक्षण में नामांकनों से लेकर मतगणना और उप सरपंच चुनाव तक की प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
चित्तौड़गढ़ के इंदिरा प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम में चुनाव प्रशिक्षण लेते अधिकारी।
चित्तौड़गढ़। पंचायती राज आम चुनाव के तहत पंच और सरपंच चुनाव की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों का प्रशिक्षण शनिवार को इंदिरा प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को नामांकन से लेकर मतगणना और उप सरपंच चुनाव तक की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
सहायक प्रशिक्षण प्रभारी एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान डीएलएमटी डॉ. कनक जैन ने जिले में होने वाले पंच-सरपंच चुनाव की प्रक्रिया को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से समझाया। उन्होंने नामांकन, संवीक्षा, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन, मतगणना और उप सरपंच चुनाव से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
डीएलएमटी ओम प्रकाश पालीवाल ने जिला परिषद सदस्यों एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में ईवीएम से मतदान की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही पंच और सरपंच के चुनाव में मतपत्र के माध्यम से होने वाली मतदान प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण प्रभारी अधिकारी राजलक्ष्मी गहलोत ने प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। प्रशिक्षण के माध्यम से रिटर्निंग अधिकारियों को चुनाव की अलग-अलग प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया, ताकि पंचायती राज आम चुनाव के तहत पंच-सरपंच चुनाव की जिम्मेदारियों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निर्वहन किया जा सके।