चित्तौड़गढ़ जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष बने सांसद सी. पी. जोशी, पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित
चित्तौड़गढ़ जिला बैडमिंटन संघ के सत्र 2026 से 2030 तक के कार्यकाल के लिए सांसद सी. पी. जोशी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए। जानिए नई कार्यकारिणी में किसे कौन-सा पद मिला और बैठक में खेल गतिविधियों को लेकर क्या कार्ययोजना सामने आई।
चित्तौड़गढ़ में जिला बैडमिंटन संघ के चुनाव संपन्न होने के बाद निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए सांसद सी. पी. जोशी और नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सदस्य।
चित्तौड़गढ़ जिला बैडमिंटन संघ के सत्र 2026 से 2030 तक के चार वर्ष के कार्यकाल के लिए सांसद सी. पी. जोशी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए हैं। संघ के चुनाव में सभी पदों पर निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र शर्मा ने सांसद जोशी को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया।
शिव प्रकाश मंत्री ने बताया कि जिला बैडमिंटन संघ के चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र शर्मा के समक्ष नामांकन प्रस्तुत करने की निर्धारित अवधि तक सभी पदों के लिए आवेदन प्राप्त हुए। निर्धारित समय सीमा में प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद सांसद सी. पी. जोशी को अध्यक्ष, बाल कृष्ण सोनी को सचिव, शिव प्रकाश मंत्री को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, जितेन्द्र गौड़, अनुज ईनाणी और वंदना भंडारी को उपाध्यक्ष, हेमेन्द्र टोंग्या को कोषाध्यक्ष तथा कुलदीप बजाज और स्वदेश दायमा को संयुक्त सचिव निर्वाचित घोषित किया गया। रामगोपाल ओझा एवं पीयूष पाठक कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित हुए।
चुनाव की प्रक्रिया राजस्थान बैडमिंटन संघ के पर्यवेक्षक दारा सिंह, खेलकूद प्रशिक्षण विभाग के पर्यवेक्षक एवं जिला खेल अधिकारी रामरतन गुर्जर तथा जिला ओलंपिक संघ के सचिव दलपत सिंह के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सांसद सी. पी. जोशी को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा।
इस अवसर पर संघ के निवर्तमान अध्यक्ष महेश ईनाणी ने कार्यभार सांसद जोशी को सौंपा। उन्होंने कहा कि जोशी के संघ का अध्यक्ष बनने से जिले में बैडमिंटन गतिविधियों का भविष्य सुनहरा होगा। उन्होंने आने वाले समय में चित्तौड़गढ़ में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित होने की संभावना भी जताई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सांसद सी. पी. जोशी ने कार्यकारिणी के सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए। इसके बाद उन्होंने कार्यकारिणी की पहली बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने जिले में बैडमिंटन की गतिविधियों को बढ़ाने, सभी से सुझाव प्राप्त करने और आगामी कार्ययोजना को समयबद्ध तरीके से क्रियान्वित करने की बात कही।
कार्यक्रम का संचालन लोकेश कुमार सोनी ने किया। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ जिला बैडमिंटन संघ के आगामी चार वर्ष के कार्यकाल की जिम्मेदारी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सौंप दी गई है।