नॉर्थ जोन बैडमिंटन: राजस्थान को हराकर हरियाणा व दिल्ली बने चैम्पियन
भीलवाड़ा में आयोजित नॉर्थ जोन बैडमिंटन प्रतियोगिता के फाइनल में राजस्थान की महिला और अंडर-19 टीमें उपविजेता रहीं, पुरुषों में दिल्ली ने खिताब जीता।
तस्वीर में बैडमिंटन प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में ट्रॉफी और पदक के साथ खिलाड़ी तथा अतिथि।
भीलवाड़ा। नॉर्थ जोन बैडमिंटन चैम्पियनशिप में मेजबान राजस्थान की टीमों को खिताबी मुकाबलों में उपविजेता रहकर संतोष करना पड़ा। महिलाओं के फाइनल में हरियाणा ने राजस्थान को 3-2 से, जबकि लड़कियों के अंडर-19 फाइनल में दिल्ली ने राजस्थान को 2-1 से हराकर मेजबान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पुरुषों के फाइनल में दिल्ली ने हरियाणा को 3-1 से हराकर चैम्पियनशिप अपने नाम की। लड़कों के फाइनल में हरियाणा ने पंजाब को 2-1 से शिकस्त दी।
महिलाओं के फाइनल में पारुल चौधरी ने जिया रावत को 15-10, 15-12 से हराकर राजस्थान को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद स्नेहा लांबा ने मेधावी नागर को 15-9, 12-15, 15-11 से शिकस्त देकर राजस्थान की बढ़त 2-0 कर दी। एक समय राजस्थान की महिलाएं एक और मैच जीतकर ऐतिहासिक सफलता हासिल करने की स्थिति में नजर आ रही थीं, लेकिन इसके बाद राजस्थान ने दोनों युगल और एकल मुकाबले गंवा दिए।
हरियाणा की बरूनी पार्ष्ववाल और जिया रावत ने पारुल चौधरी और काव्या स्वामी को 15-4, 15-12 से हराया। इसके बाद गरिमा कुन्डू ने आनंदिता तामरा को 9-15, 15-13, 15-9 से शिकस्त दी। तनु मलिक और शिवानी संतोष सिंह ने शेरिल चौधरी और स्नेहा लांबा को 15-9, 15-12 से हराकर राजस्थान की चुनौती समाप्त कर दी।
पुरुषों के फाइनल में दिल्ली ने हरियाणा को 3-1 से करारी शिकस्त दी। मानव चौधरी ने देवांशु चौधरी को 15-11, 15-11 से हराया, जबकि वंश देव ने मनराज सिंह को 19-17, 15-10 से हराकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। युगल मुकाबले में हरियाणा के देववृत और सौरभ ने परम चौधरी और दिव्यांश रावत को 13-15, 15-7, 15-12 से हराया। इसके बाद भारत राघव ने ढिंगरा मधुर को 15-6, 8-10, 15-10 से हराकर दिल्ली की खिताबी जीत तय कर दी।
अंडर-19 लड़कियों के फाइनल में दिल्ली ने राजस्थान को 2-1 से शिकस्त दी। राजस्थान की पारुल चौधरी ने रिशिका नंदी को 15-10, 15-10 से हराकर अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद रिशिका नंदी और इशिता नेगी की जोड़ी ने पारुल चौधरी और काव्या स्वामी को 18-16, 15-11 से हराया। इशिता नेगी ने स्नेहा लांबा को 15-10, 15-7 से शिकस्त देकर दिल्ली को खिताब दिलाया।
आयोजन सचिव अभिषेक शर्मा ने बताया कि शनिवार की सुबह 9 बजे से व्यक्तिगत मुकाबले खेले जाएंगे। शुक्रवार की शाम हुए पुरस्कार वितरण समारोह में आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष निशांत मेवाड़ा और नारकोटिक्स विभाग के सुशील वर्मा ने पुरस्कार वितरित किए। इस मौके पर भारतीय बैडमिंटन संघ के संयुक्त सचिव और राजस्थान बैडमिंटन संघ के सचिव के.के. शर्मा, पूर्व पार्षद दारा सिंह राजपूत, हीरालाल, भूपेन्द्र सिंह पंवार व रितेश क्षोत्रिय भी मौजूद थे। देर रात तक व्यक्तिगत मुकाबले जारी रहे।