तस्वीर में सहाड़ा विधायक लादू लाल पितलिया और अन्य भाजपा कार्यकर्ता गंगापुर नगरपालिका चुनाव के तहत वार्ड में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करते हुए नजर आ रहे हैं।

गंगापुर, भीलवाड़ा। गंगापुर नगरपालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है। पार्टी ने वार्ड नंबर 7, 10, 22 और 24 में एक साथ चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन कर चुनावी माहौल को गरमा दिया। कार्यालय उद्घाटन के साथ ही भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क अभियान को गति देने की रणनीति भी तय की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया और भाजपा नेताओं ने एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने का संकल्प लिया।

सहाड़ा विधायक लादू लाल पितलिया ने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ विभिन्न वार्डों में चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में जुटने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

विधायक लादू लाल पितलिया ने कहा कि गंगापुर नगरपालिका चुनाव केवल पार्षद चुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शहर के विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण चुनाव है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और जनकल्याण के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता है।

पितलिया ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं से सीधा संवाद करने तथा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा का मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ चुनावी मैदान में जुटें और प्रत्येक वार्ड में भाजपा के पक्ष में मजबूत माहौल तैयार करें।

विधायक ने कहा कि गंगापुर के सर्वांगीण विकास के लिए नगरपालिका में मजबूत एवं सक्रिय बोर्ड की आवश्यकता है। प्रदेश में भाजपा सरकार होने के चलते नगरपालिका और सरकार के बीच बेहतर तालमेल से विकास कार्यों को गति मिल सकती है। उन्होंने मतदाताओं से विकास एवं जनहित को प्राथमिकता देते हुए भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन की अपील की।

चार वार्डों में चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने वार्डों में जनसंपर्क अभियान को और तेज करने की रणनीति बनाई। प्रत्याशी और कार्यकर्ता अब घर-घर दस्तक देकर मतदाताओं से संवाद करने और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में जुटेंगे। चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन के साथ गंगापुर नगरपालिका चुनाव का सियासी पारा और चढ़ गया है।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश महता, महिला मोर्चा अध्यक्ष दया माली, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय रुईया, शिव लाल जीनगर, जीएसएस अध्यक्ष अरविंद चौधरी, मोतीलाल गहलोत, कमलेश पाठक, पूर्व पार्षद दिनेश श्रोत्रिय, सुरेश तिवारी, अंकित सुवालका, संजय जीनगर, अरविंद मंडोवरा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags: