भीलवाड़ा: सिंधी समाज ने सिंधु भवन में पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया थदड़ी पर्व
सिंधी समाज सेवा संस्थान के तत्वावधान में पूजा-अर्चना के बाद सामूहिक शीतल प्रसादी का आयोजन किया गया।
भीलवाड़ा। सिंधी समाज सेवा संस्थान (उत्तर क्षैत्र) के तत्वावधान में गुरूवार को सिंधी समाज का प्रमुख त्यौहार थदड़ी वडी सतहं आरसी व्यास नगर स्थित सिंधु भवन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक परंपराओं के साथ शीतला माता की पूजा-अर्चना कर देश, समाज और परिवार की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की गई।
प्रातःकाल महिलाओं ने जलस्त्रोतों पर पारम्परिक भजन गाए और शीतला माता की पूजा-अर्चना की। इसके बाद माता को ठंडे व्यंजनों का भोग लगाया गया। वहीं पंच परमेश्वर मंदिर में सांयकालीन महाआरती के पश्चात भगवानों को भोग लगाया गया। मंदिर में भक्तों ने भगवान झूलेलाल और माता की स्तुति में भजन गाए, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
अंत में प्रसादी का आयोजन हुआ। इसमें सदस्य अपने-अपने घरों से एक दिन पहले बनाए गए ठंडे व्यंजन लेकर आए। संस्था के स्तर पर भी शीतल प्रसाद की व्यवस्था की गई। इसमें सांठा, सोहन हलवा, चौथा, मिठी मानी, खोराक, मस्का बन, सतपुड़ा, नानखटाई, मिनी कचौड़ी, दही-थदी मसाला पूड़ी-आचार, भुजिया नमकीन सहित विविध व्यंजन शामिल रहे, जिन्हें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद के रूप में ग्रहण किया।
मीडिया प्रभारी पंकज हेमराजानी ने बताया कि संस्था अध्यक्ष लालचंद नथरानी, मुख्य व्यवस्था प्रमुख तुलसीदास नथरानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार पहलवानी, महामंत्री चंद्रप्रकाश मोतियानी, वरिष्ठ सलाहकार वासुदेव मंघनानी, प्रहलाद जेठवानी, दीनबंधु खत्री, सह संगठन मंत्री सूरज नथरानी, व्यवस्था प्रभारी रमेश खोतानी, युवा प्रकोष्ठ प्रभारी दिपेश दत्ता, कार्यकारिणी सदस्य हीरानंद प्रीतमानी व पदम हेमनानी सहित अनेकों पदाधिकारियों ने सभी पधारे आगंतुक सदस्यों एवं उनके परिवारजनों का स्वागत किया और उन्हें त्यौहार की शुभकामनाएं दीं। आयोजन में धार्मिक आस्था, पारम्परिक भजनों और सामूहिक प्रसादी के साथ वडी सतहं पर्व मनाया गया।