भीलवाड़ा में 214 किलो डोडा चूरा जब्त, ब्रेजा कार छोड़ फरार हुआ चालक
बड़लियास पुलिस ने बेड़च नाका के पास घेराबंदी कर तस्करी की कार और मादक पदार्थ जब्त किया, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू।
भीलवाड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़लियास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 214.02 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ब्रेजा कार को भी पुलिस ने जब्त किया है, जबकि चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) और वृत्त अधिकारी मांडलगढ़ के सुपरविजन में थानाधिकारी मय पुलिस जाब्ता क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बैडच नाका पुलिया के पास पुलिस टीम ने एक संदिग्ध ब्रेजा कार को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखते ही चालक ने कार की गति बढ़ा दी और भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन चालक रास्ते में कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने लावारिस हालत में मिली कार की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार में रखे 11 प्लास्टिक के कट्टों से 214.02 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है। कार्रवाई के बाद अब पुलिस की जांच फरार चालक की पहचान और उसकी तलाश पर केंद्रित है।