आईआरसीटीसी की दक्षिण भारत दर्शन यात्रा के लिए यात्रियों में जबरदस्त उत्साह है। 21 अक्टूबर 2026 से 1 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस यात्रा में सेकंड एसी और स्लीपर की सीटें फुल हो चुकी हैं, जबकि थर्ड एसी स्टैंडर्ड कैटेगरी में बुकिंग जारी है।

भारतीय रेलवे के उपक्रम इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) ने श्रद्धालुओं की मांग को देखते हुए 21 अक्टूबर 2026 को सीकर जंक्शन से दक्षिण भारत दर्शन यात्रा ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन सीकर जंक्शन से रवाना होकर वाया जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ से यात्रियों को सवार करते हुए दक्षिण भारत जाएगी। 12 दिन की इस यात्रा में रामेश्वरम के रामनाथ मंदिर, मदुरई के मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी, तिरुपति बालाजी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे।

आईआरसीटीसी जयपुर के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक श्री मुकेश सैनी ने बताया कि भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन में वातानुकूलित कोच, आधुनिक किचन-कार, बायो टॉयलेट सहित कई सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यात्रियों की सुविधा और बजट के अनुसार यात्रा को स्टैंडर्ड और कंफर्ट दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है।

यात्रा 21.10.2026 को सीकर जंक्शन से रवाना होगी और 23.10.2026 को रेणिगुंटा स्टेशन पहुंचेगी। यहां रेणिगुंटा/तिरुपति में रात्रि विश्राम होगा। 24.10.2026 को यात्रियों को तिरुपति बालाजी के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद ट्रेन 25.10.2026 को रेणिगुंटा स्टेशन से रामेश्वरम के लिए रवाना होगी और 26.10.2026 को रामेश्वरम पहुंचेगी। यहां यात्री रामनाथ स्वामी मंदिर के दर्शन करेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे।

27.10.2026 को ट्रेन रामेश्वरम से मदुरई के लिए रवाना होगी। शाम को मदुरई में मीनाक्षी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद रात में ट्रेन कन्याकुमारी के लिए रवाना होगी। 28.10.2026 की सुबह ट्रेन कन्याकुमारी पहुंचेगी, जहां दिन में यात्रियों को कन्याकुमारी भ्रमण कराया जाएगा। रात को ट्रेन मकरपुर स्टेशन के लिए रवाना होगी।

30.10.2026 को ट्रेन मकरपुर स्टेशन पहुंचेगी। यहां यात्रियों को मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। दर्शन के बाद रात्रि में ही ट्रेन वापसी की यात्रा शुरू करेगी। जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ होते हुए 01.11.2026 को यात्रा सीकर जंक्शन में समाप्त होगी।

यात्रा पैकेज में सभी यात्रियों को कंफर्म बर्थ के साथ होटल आवास, खानपान सुविधा, जिसमें ब्रेकफास्ट, लंच एवं डिनर शामिल है, ट्रांसपोर्टेशन और मंदिर दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इंश्योरेंस के साथ सरकार/पीएसयू के कर्मचारी वित्त मंत्रालय भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के आधार पर पात्रता के अनुसार एलटीसी सुविधा का लाभ भी उठा सकते हैं।

यात्रा पैकेज की बुकिंग के लिए यात्रियों में उत्साह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सेकंड एसी और स्लीपर की बुकिंग फुल हो चुकी है। अब केवल थर्ड एसी स्टैंडर्ड कैटेगरी में सीटें उपलब्ध हैं। इच्छुक यात्री जल्द बुकिंग कर अपनी सीट सुरक्षित कर सकते हैं।

स्टैंडर्ड कैटेगरी का मूल्य 37,810 रुपए प्रति व्यक्ति रखा गया है। इसमें थर्ड एसी ट्रेन यात्रा, नॉन एसी आवास और नॉन एसी बसों की व्यवस्था रहेगी। पैकेज की विस्तृत जानकारी व्हाट्सएप नंबर 8595930998 और 8595924336 पर उपलब्ध है। पैकेज की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctc tourism.com पर भी की जा सकती है।

इसके अलावा यात्री आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय, फर्स्ट फ्लोर, जीवन प्रकाश एलआईसी बिल्डिंग, अंबेडकर सर्किल, भवानी सिंह रोड, जयपुर, राजस्थान 302005 में पहुंचकर भी इस पैकेज की बुकिंग करा सकते हैं। इस तरह दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन वाली 12 दिवसीय यात्रा के लिए अब थर्ड एसी स्टैंडर्ड कैटेगरी ही बुकिंग के लिए उपलब्ध रह गई है।

Tags: