भीलवाड़ा में एक ओर चोरों के हौसले बुलंद हैं, तो दूसरी ओर दो मासूम बच्चों के अचानक लापता होने से दहशत का माहौल है। फूलियाकलां थाना क्षेत्र के अरवड़ गांव में सोमवार सुबह चोरों ने दो सगे भाइयों के घरों के ताले तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। वहीं, भीमगंज थाना क्षेत्र के कलकीपुरा इलाके से रविवार दोपहर से दो 10 वर्षीय बच्चे लापता हैं। दूसरे दिन भी दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका है।

अरवड़ गांव में दो सगे भाइयों के घरों में चोरी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अरवड़ निवासी गोपीलाल माली के दो बेटे रूपचंद और गौतम एक ही मकान के दो अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं। सोमवार सुबह करीब सात बजे दोनों भाइयों के परिवार खेत पर चले गए, जबकि बच्चे स्कूल निकल गए। घर सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने दोनों भाइयों के कमरों के ताले तोड़ दिए।

एक भाई के घर से बक्से में रखी 25 हजार रुपये की नकदी और दो जोड़ी पायजैब चोरी कर ली गई। दूसरे भाई के घर से भी पायजैब और चांदी के अन्य आभूषण चोर ले गए।

बच्चों के लौटने पर टूटा ताला और बिखरा मिला सामान

स्कूल से बच्चे वापस लौटे तो दोनों घरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिवारों के घर पहुंचने पर संदूक और अलमारियां खाली मिलीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चोरों की तलाश शुरू कर दी।

बावड़ी में भी इसी तरह हुई थी चोरी

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले फूलियाकलां थाने के ही बावड़ी गांव में भी इसी तरह चोरी हुई थी। वहां रामधन कीर के सूने मकान को उस समय निशाना बनाया गया था, जब परिवार खेत और बच्चे स्कूल गए थे। चोर एक लाख सात हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात ले गए थे।

चार-पांच दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस बावड़ी चोरी के आरोपियों का सुराग नहीं लगा पाई है। इसके बाद अरवड़ में हुई दूसरी वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में भय का माहौल है।

कलकीपुरा से दो 10 वर्षीय बच्चे रविवार दोपहर से लापता

उधर, भीलवाड़ा शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र के कलकीपुरा इलाके से दो 10 वर्षीय बच्चे रविवार दोपहर से लापता हैं। दूसरे दिन भी दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में भी दहशत बनी हुई है।

भीमगंज थाने के सहायक उप निरीक्षक कैलाश चंद्र के अनुसार, कलकीपुरा के दो अलग-अलग परिवारों के 10 वर्षीय बच्चे रविवार को दोपहर 12 से 1 बजे के बीच घर के बाहर खेलने निकले थे। इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटे। रात होने पर परिजनों ने अपने स्तर पर बस्ती और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन बच्चों का पता नहीं चला।

देर रात एक बालक के चाचा और दूसरे के पिता ने भीमगंज थाने में बच्चों के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सोमवार को पुलिस की अलग-अलग टीमें बच्चों के आने-जाने और खेलने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी रहीं। पुलिस फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों बच्चे किस दिशा में गए या उन्हें कोई बहला-फुसलाकर तो नहीं ले गया।

बच्चों के लापता होने से दोनों परिवारों की चिंता लगातार बढ़ रही है। परिजन उनकी वापसी की उम्मीद में तलाश में जुटे हैं, जबकि स्थानीय निवासियों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता और दहशत का माहौल है। एक ही समय में सामने आई चोरी और दो मासूमों के लापता होने की घटनाओं ने भीलवाड़ा के इन इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

Tags: