भीलवाड़ा: ANTF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 36 किलो डोडा चूरा जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार
रायला और सदर थाना पुलिस ने रोडवेज बस और सरस डेयरी के पास नाकाबंदी कर पंजाब व बीकानेर के तीन आरोपियों को पकड़ा, NDPS एक्ट में केस दर्ज।
तस्वीर में दो संदिग्ध पुरुष बैग के साथ पुलिस हिरासत में दिखाई दे रहे हैं।
भीलवाड़ा में एएनटीएफ और पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पंजाब और बीकानेर के तीन तस्करों को गिरफ्तार कर 36 किलो डोडा-चूरा बरामद किया है। पंजाब के दो आरोपितों को रोडवेज बस से, जबकि बीकानेर के एक आरोपित को भीलवाड़ा सरस डेयरी के पास बस का इंतजार करते हुए पकड़ा गया।
ए.एन.टी.एफ. टीम को सूचना मिली थी कि माण्डल चौराहा से रायला की तरफ आ रही रोडवेज बस में दो संदिग्ध व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना के बाद स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर थाने के सामने नाकाबंदी शुरू की गई।
इसी दौरान भीलवाड़ा की तरफ से आ रही झुंझुनू डिपो की बस को रुकवाकर तलाशी ली गई। पुलिस को देखकर बस में अपनी पीठ पर बैग टांगे बैठे दो व्यक्ति घबरा गए। शक होने पर पुलिस ने दोनों के बैग की जांच की। इनमें 17.980 किलोग्राम डोडा-चूरा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर दोनों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में गगनदीप पिता धर्म सिंह रायसिख, निवासी झंडाकल्ला, जिला मानसा (पंजाब) और जसवंत सिंह पिता शरण सिंह, निवासी झंडाकल्ला, पुलिस थाना शार्दूल गढ़, जिला मानसा (पंजाब) शामिल हैं। दोनों के खिलाफ रायला थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई सदर थाना पुलिस ने की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक भीलवाड़ा सरस डेयरी के नजदीक बस में बैठकर जाने की फिराक में है और उसके पास मादक पदार्थ हो सकता है। सूचना पर सदर थाना पुलिस ने सुभाषनगर थाने से सब इंस्पेक्टर प्रभाती लाल के साथ सरस डेयरी के पास पहुंचकर संदिग्ध की तलाश शुरू की।
पुलिस ने सूचना के मुताबिक पीठू बैग के साथ मिले युवक को रोककर पूछताछ की। युवक ने खुद को बीकानेर जिले के पांचू थाने के कूदसू गांव निवासी कैलाश 21 पुत्र मनीराम विश्नौई बताया। पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें 18 किलो डोडा-चूरा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपित कैलाश को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों कार्रवाई में कुल 36 किलो डोडा-चूरा बरामद होने के साथ तीन आरोपितों की गिरफ्तारी हुई है।