गंगापुर नगरपालिका चुनाव में बढ़ी सरगर्मी, वार्ड 9 में प्रीति काकाणी के समर्थन में जनसंपर्क तेज
गंगापुर नगरपालिका चुनाव में प्रचार अभियान तेज हो गया है। वार्ड 9 में कांग्रेस उम्मीदवार प्रीति काकाणी के समर्थन में घर-घर जनसंपर्क हुआ, जहां समर्थकों और महिला मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला।
तस्वीर में गंगापुर के वार्ड नंबर 9 में जनसंपर्क के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति काकाणी और स्थानीय महिलाएं उत्साह के साथ नजर आ रही हैं।
गंगापुर-भीलवाड़ा। गंगापुर नगरपालिका चुनाव महासंग्राम में चुनावी प्रचार ने अब रफ्तार पकड़ ली है। भाजपा और कांग्रेस सहित विभिन्न प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान तेज करते हुए घर-घर जनसंपर्क शुरू कर दिया है। प्रत्याशी मतदाताओं से सीधा संवाद कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में पूरी ताकत लगा रहे हैं।
इसी चुनावी सरगर्मी के बीच वार्ड नंबर 9 से कांग्रेस उम्मीदवार प्रीति काकाणी ने समर्थकों के साथ घर-घर जनसंपर्क किया और मतदाताओं से समर्थन एवं आशीर्वाद मांगा। जनसंपर्क अभियान में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में उनके पति लखन काकाणी भी सक्रिय नजर आए। उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों को गिनाते हुए मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जनसंपर्क के दौरान कई स्थानों पर प्रीति काकाणी का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। समर्थकों और मतदाताओं के उत्साह से वार्ड में चुनावी माहौल गर्माता दिखाई दिया। महिला मतदाताओं का उत्साह भी चर्चा में रहा। जनसंपर्क के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर आम महिला मतदाता उत्साह से नाचती नजर आईं। ढोल की गूंज और समर्थकों के जोशीले नारों से वार्ड नंबर 9 का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा रहा।
वहीं, गंगापुर नगरपालिका के अन्य वार्डों में भी प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। कहीं घर-घर जनसंपर्क तो कहीं नुक्कड़ मुलाकातों के जरिए मतदाताओं को साधने की कोशिश की जा रही है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में पूरी ताकत झोंक दी है।
जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, गंगापुर में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होता जा रहा है। प्रत्याशियों का जनसंपर्क, समर्थकों का जोश और मतदाताओं का रुख अब चुनावी नतीजों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।