तस्वीर में गंगापुर नगरपालिका चुनाव को लेकर आयोजित बैठक में सहाड़ा विधायक लादू लाल पितलिया और अन्य भाजपा कार्यकर्ता व नेता चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं।

गंगापुर-भीलवाड़ा। गंगापुर नगरपालिका चुनाव महासंग्राम अब सियासी रंग पकड़ता जा रहा है। चुनाव प्रचार के बीच भाजपा ने अपनी चुनावी मशीनरी को सक्रिय करते हुए वार्डवार रणनीति पर फोकस बढ़ा दिया है। सहाड़ा विधायक लादू लाल पितलिया ने चुनावी मोर्चा संभालते हुए पार्टी के सभी वार्ड प्रत्याशियों से अब तक के चुनावी अभियान का फीडबैक लिया और वार्डवार चुनावी स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।

विधायक पितलिया ने प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से कराए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से जनता के बीच रखने पर जोर दिया। साथ ही भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल तैयार करते हुए नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

बैठक में वार्डवार चुनावी समीकरणों, मतदाताओं की प्रतिक्रिया और प्रचार अभियान की स्थिति को लेकर भी फीडबैक लिया गया। भाजपा की कोशिश संगठन और प्रत्याशियों के बीच बेहतर तालमेल के साथ चुनावी मैदान में उतरकर प्रत्येक वार्ड में पार्टी की स्थिति मजबूत करने की है। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और अधिक से अधिक मतदाताओं से सीधा संपर्क स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

विधायक लादू लाल पितलिया ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान राज्य सरकार के विकास कार्यों को जनता के सामने मजबूती से रखा जाए। भाजपा की रणनीति स्थानीय चुनाव को केवल वार्ड स्तर की लड़ाई तक सीमित रखने के बजाय सरकार के विकास कार्यों और योजनाओं से जोड़कर मतदाताओं के बीच समर्थन मजबूत करने की दिखाई दे रही है।

इस दौरान संगठन जिला सह प्रभारी मिट्ठूलाल जाट और वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश महता ने भी पार्टी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। दोनों नेताओं ने प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में मजबूती से डटे रहने, मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने और संगठन के साथ समन्वय बनाकर एकजुट होकर काम करने का मंत्र दिया। नेताओं ने कहा कि नगरपालिका चुनाव में प्रत्येक वार्ड महत्वपूर्ण है और किसी भी वार्ड को हल्के में नहीं लिया जा सकता।

बैठक एवं चुनावी रणनीति के दौरान अरविंद चौधरी, संजय रुईया, दया माली, सुरेश सिंघवी, राजकुमार बंसल, सुरेश तिवारी, सुनील बंसल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गंगापुर नगरपालिका चुनाव में विधायक लादू लाल पितलिया के चुनावी कमान संभालने के साथ भाजपा ने अपने प्रचार अभियान को गति देने के साथ ही वार्डवार रणनीति पर फोकस बढ़ा दिया है। सभी प्रत्याशियों से फीडबैक लेकर स्थानीय चुनावी समीकरणों को साधने की कोशिश की जा रही है। अब गंगापुर का चुनावी मुकाबला प्रत्याशियों के साथ-साथ संगठन की ताकत, वार्डवार रणनीति और मतदाताओं के रुख पर भी निर्भर करता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों के प्रचार अभियान में तेजी आने के साथ नगरपालिका चुनाव का सियासी मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।

Tags: