खूनी गैंगवार में भीलवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 6 दबोचे
भीलवाड़ा के सुवाणा-कोटा बायपास गैंगवार मामले में पुलिस ने 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया, अब तक 6 आरोपी दबोचे जा चुके हैं।
अवैध बजरी खनन और परिवहन से जुड़े आपराधिक गिरोहों के खिलाफ जिला पुलिस कप्तान सागर राणा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत भीलवाड़ा सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सुवाणा-कोटा बायपास पर हथियारों से लैस होकर दो गुटों के बीच हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस सनसनीखेज वारदात में अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
घटना 19 अगस्त 2026 की है। सुवाणा-कोटा बायपास पर अमित जाट सरपंच के फार्म हाउस के सामने अवैध बजरी माफिया के दो गुट आपसी रंजिश में आमने-सामने आ गए थे। दोनों गुटों ने एक-दूसरे की जान लेने की नीयत से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और पिकअप कैम्पर की जोरदार भिड़ंत करा दी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरी तरह क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो, कीचड़ में फंसी कैम्पर तथा दूसरी स्कॉर्पियो को जब्त किया। वाहनों की तलाशी के दौरान पुलिस को लोहे और लकड़ी के बेसबॉल बैट, धारदार चाकू, लोहे के पाइप और रॉड जैसे खतरनाक हथियार मिले।
मामले में थाना सदर में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेश आर्य और पुलिस उप अधीक्षक अंजली सिंह (वृत्त सदर) के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रहलाद सहाय की विशेष टीम ने दबिश देकर 05 सितंबर 2026 को घटना में शामिल 3 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 07 सितंबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल शर्मा (30) पुत्र मोतीलाल शर्मा, निवासी पथिक नगर (हाल देवछाया, थाना सदर), पंकज चौधरी (23) पुत्र भंवर चौधरी, निवासी नई ईंरास और महेश सुथार (19) पुत्र लादूलाल सुथार, निवासी नई ईंरास शामिल हैं।
इससे पहले पुलिस सुनील चौधरी (26) पुत्र घनश्याम चौधरी, निवासी सुवाणा, राधेश्याम जाट (25) पुत्र हीरालाल जाट, निवासी सुवाणा और नारायण लाल उर्फ मामा (35) पुत्र देवबक्ष जाट, निवासी नई ईंरास को गिरफ्तार कर चुकी है।
पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी प्रहलाद सहाय के नेतृत्व में कांस्टेबल कमल किशोर, ऋषिकेश, अनिल, सुरेंद्र कुमार, हरकेश तथा कांस्टेबल भंवर का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गुटबाजी, संगठित अपराध और बजरी माफिया के खूनी खेल को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।