गंगापुर के अलख वेद गुरुकुल में गौ सम्मान आह्वान अभियान के सदस्यों ने महाराज से शिष्टाचार भेंट की।

गंगापुर। अलख वेद गुरुकुल पुठवाडिया में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा एवं मां बगलामुखी माता मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के धार्मिक आयोजन के बीच गौसेवा और गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने का संदेश गूंजा। कथा व्यासपीठ से परम गौभक्त गौवत्स राधाकृष्ण जी महाराज ने श्रद्धालुओं से गोपाष्टमी के अवसर पर गौमाता की सेवा करने और गौ सम्मान के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

अलख वेद गुरुकुल में इन दिनों गौवत्स राधाकृष्ण जी महाराज के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जा रहा है। इसी दौरान गौ सम्मान आह्वान अभियान की टोली ने गुरुकुल पहुंचकर महाराज से शिष्टाचार भेंट की और अभियान के उद्देश्यों एवं गतिविधियों पर चर्चा की।

इस अवसर पर महाराज जी ने कहा कि गाय माता को राष्ट्रमाता घोषित किया जाना चाहिए और गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगना चाहिए। इसके लिए अधिक से अधिक लोगों को हस्ताक्षर अभियान से जुड़कर 17 दिसंबर को जयपुर पहुंचना चाहिए तथा प्रार्थना पत्र प्रदान करना चाहिए। उन्होंने गौभक्तों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया।

गोपाष्टमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गौवत्स राधाकृष्ण जी महाराज ने कहा कि सभी गौभक्तों को इस अवसर पर गौशालाओं में पहुंचकर गौमाता को हरा चारा, गुड़ और दलिया खिलाना चाहिए। गौमाता की सेवा और संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

अलख वेद गुरुकुल के संस्थापक गौ हितेश महाराज के नेतृत्व में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। गुरुकुल में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर रहे हैं। गुरुकुल की ओर से सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की जा रही है।

इस अवसर पर गौ सम्मान आह्वान अभियान की टीम के सदस्य नंदकिशोर तेली, सुनील सिंह राजपूत और आशीष कुमार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। कथा आयोजन के साथ चल रहा हस्ताक्षर अभियान गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने और गौहत्या बंद कराने की मांग को लेकर जनभागीदारी जुटाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बना हुआ है।

Tags: