तस्वीर में भीलवाड़ा के पंडेर थाना क्षेत्र स्थित बावड़ी चौराहे के पास हाइवे पर जलता हुआ ट्रेलर दिखाई दे रहा है, जिसमें जानवर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर आग लग गई थी और चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई।

भीलवाड़ा में बावड़ी चौराहे के पास आधी रात को एक ट्रेलर अचानक आग की लपटों से घिर गया। हाइवे पर दौड़ रहे ट्रेलर के सामने अचानक जानवर आ जाने से चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया। इस दौरान वाहन से नियंत्रण छूट गया और ट्रेलर हाइवे से नीचे उतर गया। इसके तुरंत बाद उसमें आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। केबिन में मौजूद चालक ने समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।

घटना बावड़ी चौराहे के पास बीती रात करीब ढाई बजे की है। पंडेर थाने के हेडकांस्टेबल मनीष कुमार के अनुसार, फूलियाकलां थाना क्षेत्र के हनुतिया, अमरपुरा निवासी राधेश्याम कुमावत ट्रेलर लेकर माल का लदान करने बूंदी जा रहे थे। इसी दौरान बावड़ी चौराहे के नजदीक अचानक एक जानवर उनके वाहन के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ट्रेलर पर नियंत्रण नहीं रख सके और वाहन हाइवे से नीचे उतर गया।

हाइवे से नीचे उतरते ही ट्रेलर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। केबिन में मौजूद चालक राधेश्याम ने सूझबूझ दिखाते हुए आग की लपटें तेज होने से पहले ही ट्रेलर से छलांग लगा दी। इससे उनकी जान बच गई। घटना के बाद उन्होंने पंडेर पुलिस को हादसे की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पंडेर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जहाजपुर नगर पालिका को सूचना देकर दमकल वाहन बुलवाया। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे तक मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग बुझने के बाद सामने आया कि ट्रेलर का केबिन और टायर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। हादसे में चालक राधेश्याम बाल-बाल बच गए। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक जानवर को बचाने के प्रयास में ट्रेलर अनियंत्रित होकर हाइवे से नीचे उतर गया और आग की चपेट में आ गया। चालक ने समय रहते वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे लगे, लेकिन तब तक ट्रेलर का केबिन और टायर जलकर खाक हो चुके थे।

Tags: