भीलवाड़ा के सुभाष नगर क्षेत्र में 17 वर्षीय प्राची की संदिग्ध मौत के बाद मेडिकल स्टोर के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए स्थानीय लोग और पुलिस अधिकारी।

भीलवाड़ा। बुखार का इलाज कराने मेडिकल स्टोर पहुंची 17 वर्षीय प्राची की मौत के बाद भीलवाड़ा के सुभाष नगर क्षेत्र में लोगों का आक्रोश भड़क उठा। मेडिकल स्टोर संचालक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए शनिवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने मेडिकल स्टोर के शटर पर भारी पत्थर बरसाए और पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि आग दुकान के अंदर तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रदर्शनकारी मेडिकल स्टोर संचालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी करते रहे।

जानकारी के अनुसार, सरकारी स्कूल के पास रहने वाले राकेश मेहता की 17 वर्षीय बेटी प्राची को 11 नवंबर की शाम बुखार की शिकायत हुई थी। परिजन शाम करीब पांच बजे उसे सुभाष नगर क्षेत्र स्थित एक मेडिकल स्टोर पर लेकर पहुंचे। आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने खुद ही उसका उपचार शुरू करते हुए इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद प्राची की तबीयत बिगड़ने लगी।



इंजेक्शन लगने के बाद परिजन प्राची को घर ले गए, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। अगले दिन दोपहर करीब ढाई बजे उसे रामस्नेही चिकित्सालय ले जाया गया। यहां उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। उसी रात करीब 12 बजे तबीयत फिर बिगड़ने पर परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां भी चिकित्सकों ने सुबह दिखाने की सलाह देकर घर भेज दिया।

अगले दिन भी प्राची की हालत में सुधार नहीं हुआ तो चिकित्सकों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे गीतांजलि हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटी की जान बचाने के लिए परिवार लगातार अस्पतालों के चक्कर लगाता रहा, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।

प्राची की मौत की खबर मिलते ही शनिवार दोपहर मेडिकल स्टोर के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने बंद मेडिकल स्टोर के शटर पर भारी पत्थरों से हमला किया। इसके बाद कुछ लोगों ने पेट्रोल छिड़ककर दुकान में आग लगाने की कोशिश की। हालांकि आग दुकान के अंदर तक नहीं पहुंची और बड़ा हादसा टल गया।

इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस तत्काल मौके पर नहीं पहुंची और करीब पौन घंटे बाद पुलिस जाब्ता घटनास्थल पर पहुंचा।

मेडिकल स्टोर के बाहर महिलाओं और पुरुषों सहित बड़ी संख्या में लोग जमा रहे। प्रदर्शनकारियों ने संचालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश चंद्र बिश्नोई पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों से समझाइश कर स्थिति संभालने का प्रयास किया।

उधर, घटना की सूचना मिलने पर सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार खींची उदयपुर पहुंचे। वहां प्राची के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्राची की मौत के बाद मेडिकल स्टोर संचालक की भूमिका भी जांच के दायरे में है। मामले में यह पता लगाया जाना है कि मेडिकल स्टोर संचालक को इंजेक्शन लगाने और उपचार करने का अधिकार था या नहीं। इसके साथ ही इंजेक्शन में इस्तेमाल की गई दवा और प्राची की तबीयत बिगड़ने के कारणों की भी जांच होगी। इन सवालों के जवाब मेडिकल रिकॉर्ड, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद सामने आएंगे।

एक ओर 17 वर्षीय प्राची की मौत से परिवार सदमे में है, वहीं दूसरी ओर परिजन और स्थानीय लोग मेडिकल स्टोर संचालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। अब पुलिस के सामने मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत के कारणों और कथित लापरवाही की सच्चाई सामने लाने के साथ क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती है।

Tags: