भीलवाड़ा में मरुधरा माहेश्वरी संस्थान का दीपावली स्नेह मिलन, 22 मेधावी बच्चों का सम्मान
समारोह में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, गौ सेवा सहयोगियों का अभिनंदन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
भीलवाड़ा के माहेश्वरी भवन में आयोजित स्नेह मिलन समारोह के दौरान सम्मानित होने वाले गणमान्य सदस्य दिख रहे हैं।
भीलवाड़ा। मरुधरा माहेश्वरी संस्थान की ओर से रविवार को काशीपुरी माहेश्वरी भवन में दीपावली स्नेह मिलन समारोह हर्षोल्लास और आत्मीय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, लॉटरी के पुरस्कार वितरण और सामाजिक सेवा में योगदान देने वाले सहयोगियों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य सदस्य शामिल हुए।
समारोह की शुरुआत मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान के साथ हुई। मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले 22 बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके बाद आयोजित लॉटरी कार्यक्रम में 25 भाग्यशाली सदस्यों को पुरस्कार प्रदान किए गए। लॉटरी का संचालन मधुसूदन डागा एवं भवनी कोठारी ने किया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए गुजरात एवं कलकत्ता से पहुंचे महासभा पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। महिला मंडल की ओर से पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।
समारोह में मरुधरा संस्थान की ओर से पिछले पांच वर्षों से लगातार संचालित गौ सेवा प्रकल्प में सहयोग देने वाले सहयोगियों का भी सम्मान किया गया। वहीं, कार्यक्रम के दौरान उपमहापौर राधेश्याम सोमानी का अभिनंदन किया गया।
समारोह का संचालन विनय मुंदड़ा ने किया। इस अवसर पर संस्थान अध्यक्ष दिनेश राठी, सचिव नारायण बाहेती, पुरुषोत्तम राठी, शांति प्रकाश मोहता, महेश जाजू, राधाकिशन सोमानी, नंदू झंवर, महेश हूरकट, राकेश काबरा, राजेश बाहेती, रामेश्वर बाहेती, महादेव बाहेती, युवा अध्यक्ष मनिष बजाज, महिला अध्यक्ष मनीषा झवर और महिला सचिव इशिता झंवर सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों के लिए स्नेहभोज आयोजित किया गया। दीपावली के अवसर पर आयोजित इस समारोह में मेधावी विद्यार्थियों के प्रोत्साहन, सामाजिक सेवा में योगदान देने वालों के सम्मान और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पारिवारिक आत्मीयता, सामाजिक एकता एवं आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया।