भीलवाड़ा की हनुमान टेकरी पर गूंजे जय कन्हैयालाल के जयकारे, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में झूमे सैकड़ों श्रद्धालु
हनुमान टेकरी पर श्रीमद् भागवत कथा के दौरान आचार्य महेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सत्संग और मानव जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला।
भीलवाड़ा की हनुमान टेकरी पर श्रीमद् भागवत कथा के दौरान आरती करते संत और श्रद्धालु दिख रहे हैं।
भीलवाड़ा। हनुमान टेकरी पर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव में शनिवार को श्रीराम और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का उल्लास छाया रहा। नंद के आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की के जयकारों और बधाई गीतों से पूरा पांडाल गूंज उठा। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग के दौरान सैकड़ों श्रद्धालु भक्ति और उत्साह में झूमते नजर आए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, महिलाओं और पुरुषों ने उत्सव में भाग लेकर कान्हा के जन्म की खुशियां मनाईं।
छोटी हरणी स्थित श्री टेकरी के बालाजी काठियाबाबा आश्रम में महंत बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव के चौथे दिन शनिवार को वृंदावन के प्रख्यात कथावाचक गौरक्षक आचार्य महेंद्र कृष्ण शास्त्री ने व्यासपीठ से श्रीराम और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव प्रसंग का वाचन किया। इस अवसर पर पांडाल को विशेष रूप से सजाया गया था। कथा में कई संत-महात्माओं का सानिध्य भी प्राप्त हुआ।
जन्मोत्सव के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के साथ नंद बाबा, यशोदा और द्वारिकाधीश की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवान कृष्ण के जन्म के बाद वासुदेव द्वारा उन्हें टोकरी में रखकर यमुना पार कर गोकुल पहुंचाने की झांकी को भी श्रद्धालुओं ने खूब पसंद किया। भगवान श्रीनाथजी की विशेष झांकी ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस दौरान पूरे पांडाल में भगवान के जयकारे गूंजते रहे और बधाई गीतों पर श्रद्धालु नृत्य करते नजर आए।
कथा के दौरान आचार्य महेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मानव जीवन और सत्संग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानव देह मिलना दुर्लभ है और उसमें सत्संग का अवसर भाग्यशाली लोगों को ही मिलता है। सत्संग जैसा आनंद दुनिया में कहीं नहीं मिल सकता। हरिनाम का कीर्तन करने वाले भक्तों के जीवन की रक्षा स्वयं प्रभु करते हैं। उन्होंने कहा कि संसार में रहकर जो जहर के घूंट पीना सीख जाता है, वह महादेव बन जाता है। मरने के लिए एक बार, लेकिन जीने के लिए कई बार जहर के घूंट पीने पड़ते हैं।
आचार्य शास्त्री ने कहा कि भगवान शंकर का जीवन सभी के लिए आदर्श होना चाहिए, क्योंकि उनके व्यक्तित्व में रौद्रपन और शीतलता एक साथ विद्यमान हैं। उन्होंने कहा कि जब जीवन में राम आएंगे, तब आराम आएगा। जीवन में सत्संग और भजन किसी भी समय किए जाएं, वे हमेशा मंगलकारी होते हैं। सुखी जीवन के लिए भोजन लिमिटेड और भजन अनलिमिटेड होना चाहिए, लेकिन वास्तविकता इसके विपरीत है। लोगों को भजन करने के लिए समय की कमी महसूस होती है।
उन्होंने कहा कि यदि जीवन में माता-पिता खुश नहीं हैं तो कितना भी धर्माचरण कर लिया जाए, जीवन सार्थक नहीं हो सकता। जीवन में भक्ति धारण करने से लोक और परलोक दोनों सुधर जाते हैं। आचार्य शास्त्री ने श्रद्धालुओं से कहा कि जब तक शरीर में शक्ति है, तब तक धर्म-कर्म कर लेना चाहिए, क्योंकि बुढ़ापे में ऐसा करना संभव नहीं हो पाता।
भागवत कथा के दौरान भजनों की रसधारा लगातार बहती रही। व्यासपीठ से भजन शुरू होते ही पांडाल में बैठे श्रद्धालु दोनों हाथ ऊपर उठाकर झूमने लगते थे। कई भक्त भक्ति में लीन होकर मंच के सामने पहुंच गए और नृत्य करने लगे। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।
चौथे दिन की कथा के विश्राम पर व्यासपीठ की पूजा और आरती में वृंदावनधाम से आए महंत राधारमणशरणजी काठियाबाबा, महंत ब्रजवल्लभशरण काठियाबाबा, महंत कुंजबिहारीशरण काठियाबाबा, महंत रामस्नेहीदास आकोला, महंत रामदास चित्तौड़गढ़, महंत प्रकाशानंद और दुर्गा माता मंदिर की पार्वतीदेवी सिंधी सहित कई संत-महात्मा शामिल हुए।
आरती करने वाले श्रद्धालुओं में पार्षद शंकरलाल जाट, रामनारायण बिरला, ओमप्रकाश बुलिया, गोविन्द अग्रवाल, सोहनलाल तेली, कन्हैयालाल तेली, देवीलाल भदाला, बंशीलाल प्रजापत और श्रीराम चरित मानस मंडल नेहरू विहार के सदस्य शामिल रहे। कथा का श्रवण करने के लिए छोटी हरणी सहित भीलवाड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
हनुमान टेकरी परिसर में श्रीमद् भागवत कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर एक बजे से शाम 5 बजे तक किया जा रहा है। कथा महोत्सव के पांचवें दिन रविवार को श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन पूजा प्रसंग का वाचन होगा। इस अवसर पर छप्पन भोग की विशेष झांकी भी सजाई जाएगी।