भीलवाड़ा में तुलसी शालिग्राम विवाह के लिए गढ़बोर चारभुजानाथ ने स्वीकार की लग्न पत्रिका
भीलवाड़ा के आजादनगर मेडिसिटी ग्राउंड पर आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय धार्मिक महामहोत्सव में शामिल होने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु निमंत्रण लेकर चारभुजा मंदिर पहुंचे।
तुलसी शालिग्राम विवाह के लिए गढ़बोर चारभुजानाथ मंदिर में मंगल लग्न पत्रिका अर्पित करते समिति सदस्य।
भीलवाड़ा में 20 नवंबर को आयोजित होने वाले 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल बनने लगा है। इस महामहोत्सव में शामिल होने के लिए मेवाड़ के आराध्य राजाधिराज श्री गढ़बोर चारभुजानाथ ने मंगल लग्न पत्रिका स्वीकार कर ली है। भगवान चारभुजानाथ 19 नवंबर को बारात लेकर भीलवाड़ा पहुंचेंगे और 20 नवंबर को श्री तुलसीजी के साथ विवाह रचाएंगे।
सकल सनातन परिवार की प्रेरणा से श्री तुलसी शालिग्राम विवाह समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महामहोत्सव का निमंत्रण देने के लिए भीलवाड़ा से सैकड़ों श्रद्धालु चारभुजा पहुंचे। रेवतीरमणलालजी के सानिध्य में आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज, प्रमुख आचार्य योगेन्द्र शर्मा सहित आयोजन समिति के सदस्य और श्रद्धालु बसों एवं विभिन्न वाहनों से चारभुजाजी पहुंचे। श्रद्धालु भगवान चारभुजानाथ के भजन-कीर्तन करते हुए मंदिर पहुंचे।
वहां पूजन और मंगलाचरण के साथ भगवान गणपति की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के नाम मंगल लग्न पत्रिका परम पूज्य नारायणदासजी एवं उनके सानिध्य में समस्त पुजारी परिवार ने स्वीकार की। इस अवसर पर बताया गया कि भगवान चारभुजानाथ 19 नवंबर को बारात लेकर भीलवाड़ा पहुंचेंगे और 20 नवंबर को श्री तुलसीजी के साथ विवाह संपन्न करेंगे।
मंगल लग्न पत्रिका स्वीकार किए जाने के साथ ही श्रद्धालुओं में हर्ष की लहर दौड़ गई और मंदिर परिसर भगवान चारभुजानाथ के जयकारों से गूंज उठा। भीलवाड़ा से लग्न पत्रिका लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं का श्री गढ़बोर चारभुजानाथ मंदिर के पुजारियों एवं मंदिर समिति की ओर से भव्य स्वागत और सत्कार किया गया।
इस अवसर पर पं. गोकुल भट्ट, रविकांत शर्मा, अनिल टेलर, शिवदयाल मनसावत, प्रेम पुरोहित, श्याम पुरोहित, रामपाल असावा, पुरुषोत्तम काकानी, छगनलाल जैन, अनिल पारीक, गोपीकिशन पाटोदिया, जीएल गुप्ता, संजय प्रताप सिंह, अलका जोशी, मंजू तंबोली, रजनीकांत आचार्य, दुर्गालाल सोनी, हेमराज टेलर, शिव शेखर, हरीश जोशी, गोविंद भाटिया, कौशल्या भाटिया और नंदकिशोर जोशी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।
आजादनगर मेडिसिटी ग्राउंड पर आयोजित होने वाले इस भव्य महामहोत्सव में मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के साथ भीलवाड़ा के विभिन्न मंदिरों में स्थापित भगवान चारभुजानाथ भी बारात लेकर पधारेंगे। इन मंदिरों में मंगल लग्न पत्रिका समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की ओर से पहले ही भगवान चारभुजानाथ को समर्पित की जा चुकी है।
विवाह महामहोत्सव के चार दिवसीय कार्यक्रम 17 नवंबर से प्रारंभ होंगे। आयोजन समिति के संयोजक एस.एन. गग्गड़ ने बताया कि 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर एक से 4 बजे तक आयोजन स्थल मेडिसिटी ग्राउंड पर रुक्मिणी मंगल कथा होगी। कथा का वाचन आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज करेंगे। विवाह महोत्सव से जुड़े अन्य मांगलिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी 17 नवंबर से शुरू हो जाएंगे।
पहले दिन शाम को महारास एवं संगीत संध्या का आयोजन होगा। इसमें पारंपरिक वेशभूषा में सभी सनातनी और आयोजन से जुड़े सदस्य जोड़े के साथ भाग ले सकेंगे। महारास का विशेष आकर्षण कोटा से आमंत्रित राधा-कृष्ण समूह रहेगा। इसके साथ राजस्थानी वेशभूषा में सामूहिक घूमर, राजपूती ड्रेस में घूमर एवं रास का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में भीलवाड़ा के ख्यातनाम कलाकार भजनों और गीतों की प्रस्तुतियां भी देंगे।
विवाह महोत्सव के मांगलिक आयोजनों के तहत 18 नवंबर को सुबह 10 बजे कथा पांडाल में हल्दी एवं मेहंदी मनोरथ का आयोजन होगा। चार दिवसीय महामहोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। तुलसी विवाह संपन्न कराने के लिए भीलवाड़ा जिले सहित देश-प्रदेश के विभिन्न स्थानों से हजारों श्रद्धालुओं ने धर्म माता-पिता के रूप में पंजीयन कराया है।
गढ़बोर चारभुजानाथ की ओर से मंगल लग्न पत्रिका स्वीकार किए जाने के बाद अब श्रद्धालुओं को 19 नवंबर को भगवान की बारात के भीलवाड़ा आगमन और 20 नवंबर को होने वाले तुलसी-शालिग्राम विवाह महामहोत्सव का इंतजार है।