गंगापुर मेले में आयोजित भजन संध्या के दौरान मंच पर प्रस्तुति देते हुए गायक गोकुल शर्मा।

गंगापुर (भीलवाड़ा)। गंगापुर नगरपालिका की ओर से आयोजित विशाल मेले में मेवाड़ के प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा की भजन संध्या ने श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। भगवान श्रीकृष्ण, सांवरिया सेठ और खाटू श्याम के भजनों की गूंज के बीच पूरा मेला परिसर भक्तिमय हो गया। गोकुल शर्मा की सुरीली आवाज और आकर्षक गायन शैली ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा।

धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आयोजित भजन संध्या में गोकुल शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण, सांवरिया सेठ, खाटू श्याम और हनुमानजी की भक्ति से जुड़े लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुतियां दीं। उनके चर्चित भजन 'हल्का में ना लेवु सांवरिया सेठ थारी माया ने', 'म्हारा बैंक रो मैनेजर म्हारो श्याम मंडफिया वालो', 'म्हारा सांवरिया थारे लूणियो लायो' और 'गाड़ियां गाड़ियां और होटलां पर नाम लिखो सांवरिया को' सुनकर श्रद्धालु झूम उठे। सांवरिया सेठ की महिमा का गुणगान करने वाले इन भजनों पर श्रोताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इसके साथ ही भगवान श्रीराम और हनुमानजी की भक्ति से जुड़े भजनों ने भी माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। गोकुल शर्मा ने जैसे ही अपनी मधुर आवाज में सांवरिया सेठ की महिमा का बखान किया, पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनकी गायकी, मंच संचालन की शैली और राजस्थानी-मरवाड़ी भक्ति संगीत की मिठास ने भजन संध्या को यादगार बना दिया। श्रोता देर तक भजनों का आनंद लेते रहे।

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति काकाणी ने भजन गायक गोकुल शर्मा को उपर्णा ओढ़ाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कलाकार का सम्मान करते हुए मेले में शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण को और आनंदमय बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।

गंगापुर नगरपालिका की ओर से आयोजित विशाल मेले में मनोरंजन के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। मेले में उमड़ रही भीड़ और कलाकारों की प्रस्तुतियों के प्रति लोगों का उत्साह स्थानीय स्तर पर ऐसे आयोजनों की लोकप्रियता को दर्शा रहा है। गोकुल शर्मा की भजन संध्या मेले की सांस्कृतिक शाम का प्रमुख आकर्षण रही।

Tags: