भीलवाड़ा: गांधीनगर पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा, 20 मुकदमों में वांछित आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से गांधीनगर पुलिस ने 30 सितंबर की रात हुई मोबाइल व जेवरात चोरी का पर्दाफाश किया।
भीलवाड़ा में मकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गांधीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 30 सितंबर की रात एक मकान से वीवो कंपनी के दो मोबाइल, सोने की चार चेन और दो अंगूठियां चोरी की थीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपी का वर्ष 2017 से 2024 तक चोरी, नकबजनी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईशु उर्फ ईश्वरलाल मल्होत्रा (24) पुत्र गोपाललाल, निवासी छोटी पुलिया, पालड़ी रोड के रूप में हुई है। थाना प्रभारी पुष्पा कासोटिया के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को परिवादिया गीता देवी तेली ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 30 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे बदमाश उनके मकान में घुस गए और वहां से वीवो कंपनी के दो मोबाइल, सोने की चार चेन तथा सोने की दो अंगूठियां चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य के निर्देशन तथा थानाधिकारी पुष्पा कासोटिया के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने वांछित आरोपी ईशु उर्फ ईश्वरलाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 से 2024 तक विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित अलग-अलग धाराओं में कई मामले दर्ज होने का उल्लेख है। पुलिस रिकॉर्ड में आरोपी के खिलाफ करीब 20 पुराने प्रकरणों का विवरण दिया गया है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी पुष्पा कासोटिया, एएसआई ऐजाजुद्दीन, एएसआई सुनील कुमार, कांस्टेबल ब्रजमोहन, कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह और कांस्टेबल आशीष कुमार शामिल रहे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा चोरी की इस वारदात से जुड़े मामले में आगे की जांच जारी है।