भीलवाड़ा: मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, 5000 लीटर संदिग्ध तेल सीज, 250 किलो मावा नष्ट
दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने भीलवाड़ा में छापेमारी कर संदिग्ध तेल सीज किया और बदबूदार मावे को नष्ट करवाया।
भीलवाड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तेल प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर 5000 लीटर तेल सीज किया।
भीलवाड़ा। दीपावली से पहले मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हजार लीटर संदिग्ध रिफाइंड सोयाबीन तेल सीज किया और 250 किलोग्राम खराब एवं बदबूदार मावे को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। मंगलवार को जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई से भीलवाड़ा शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने जिले में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान भीलवाड़ा शहर में दो तेल कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 5 हजार लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सबसे पहले भीलवाड़ा स्थित गणेश उद्योग पर छापा मारा। यहां से 3000 लीटर संदिग्ध रिफाइंड सोयाबीन ऑयल सीज किया गया। इसके बाद टीम ने अजमेर रोड स्थित श्री गणेश ऑयल पर कार्रवाई करते हुए 2000 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया। दोनों प्रतिष्ठानों से तेल के नमूने लेकर सील किए गए और जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने बनेड़ा ब्लॉक के ग्राम कासोरिया स्थित मावा प्लांट का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्लांट में करीब 250 किलोग्राम अत्यधिक खराब, बदबूदार और स्वास्थ्य के लिए खतरनाक मावा मिला। इसे दीपावली की मिठाइयों में इस्तेमाल करने की तैयारी थी। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे 250 किलोग्राम मावे को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। साथ ही संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया गया।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने शाम की सब्जी मंडी स्थित वार्ड 31 में श्री फूड्स से मैदे का नमूना भी लिया है।
इस सघन जांच एवं छापेमारी अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर, साक्षी जैन, विजय मेहता, नीरज मीणा, संजय वर्मा, कुलदीप चौधरी और अंकित शर्मा सहित पूरी जांच टीम शामिल रही।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई में जहां 5 हजार लीटर सोयाबीन तेल के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, वहीं 250 किलो खराब मावे को नष्ट करवा दिया गया है। अब तेल के नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट और आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर रहेगी।