भीलवाड़ा में कांग्रेस ने दिखाया दम, 16 में से 10 पंचायत समितियों में बनाए प्रधान
| भीलवाड़ा की 16 पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं। कांग्रेस ने 10 और भाजपा ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की। जानिए किस पंचायत समिति से कौन बना प्रधान और कहां रहा मुकाबला अहम।
भीलवाड़ा। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तहत भीलवाड़ा जिले की सभी 16 पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव संपन्न हो गए। घोषित परिणामों में कांग्रेस ने भाजपा पर बढ़त बनाते हुए 10 पंचायत समितियों में प्रधान पद हासिल किए, जबकि भाजपा को छह पंचायत समितियों में सफलता मिली। बिजौलिया पंचायत समिति में भाजपा के शिवराज सोयल निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए।
जिले की 12 पंचायत समितियों में कांग्रेस के पास बहुमत था, जबकि तीन पंचायत समितियों में भाजपा बहुमत की स्थिति में थी। शंभूगढ़ पंचायत समिति में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। इसके बावजूद प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने शंभूगढ़ सहित कुल 10 पंचायत समितियों में जीत दर्ज की।
भाजपा ने कोटड़ी, खजूरी, रायपुर, सहाड़ा, बिजौलिया और आसींद पंचायत समितियों में प्रधान पद पर कब्जा जमाया। कोटड़ी से कन्हैया लाल जाट, खजूरी से आशा देवी, रायपुर से केसर देवी जाट, सहाड़ा से रतन कंवर, बिजौलिया से शिवराज सोयल और आसींद से मनसुख सिंह गुर्जर प्रधान निर्वाचित हुए।
वहीं, कांग्रेस ने सुवाणा, बनेड़ा, हुरड़ा, मांडल, मांडलगढ़, करेड़ा, शंभूगढ़, जहाजपुर, फूलियाकलां और शाहपुरा पंचायत समितियों में जीत दर्ज की। सुवाणा से रेखा जाट, बनेड़ा से भंवर लाल भील, हुरड़ा से जगदीश जाट, मांडल से पूरण कंवर, मांडलगढ़ से गणेश लाल, करेड़ा से बाली देवी, शंभूगढ़ से सुशीला देवी नायक, जहाजपुर से सीता देवी, फूलियाकलां से कमला देवी रैगर और शाहपुरा से पुष्पा लढ़ा प्रधान निर्वाचित हुईं।
इस तरह भीलवाड़ा जिले की सभी 16 पंचायत समितियों के चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने 10 प्रधान पद जीतकर बढ़त हासिल की, जबकि भाजपा को छह पंचायत समितियों में सफलता मिली। खास बात यह रही कि स्पष्ट बहुमत नहीं होने के बावजूद कांग्रेस शंभूगढ़ पंचायत समिति में भी प्रधान पद हासिल करने में सफल रही।