भीलवाड़ा: मालोला गांव के खेत में मिला लापता युवक का शव, पोस्टमार्टम से इनकार
| धारदार हथियार से हत्या की आशंका, परिजनों और समाज ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से किया इनकार।
भीलवाड़ा के मालोला स्थित खेत में युवक का शव मिलने पर जांच करती पुलिस और रोते हुए परिजन दिख रहे हैं।
भीलवाड़ा के निकट मालोला गांव में 37 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत की मेड़ पर कमलसिंह दरोगा का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। धारदार हथियार या कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, जिला अस्पताल की मोर्चरी में शव रखे जाने के बाद रावणा राजपूत समाज और परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम कराने और शव लेने से इनकार कर दिया।
शुक्रवार सुबह मालोला के जंगल और खेत की मेड़ के पास शव पड़े होने की सूचना मिलने पर गांधीनगर थाना प्रभारी पुष्पा कासोटिया, एएसआई सुनील शर्मा और नारायण लाल शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर मालोला निवासी कमलसिंह दरोगा का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में मिला। प्रारंभिक आशंका है कि युवक की धारदार हथियार या कुल्हाड़ी से वार कर हत्या की गई। हत्या के बाद शव खेत में पड़ा रहने से जंगली जानवरों ने उसका चेहरा और एक हाथ नोचकर खा लिया। इससे चेहरा पहचानना भी मुश्किल हो गया।
जानकारी के अनुसार, कमलसिंह दरोगा (37) ट्रैक्टर और खेती का काम करते थे। वे 24 नवंबर को सुबह करीब 11 से 11:30 बजे के बीच घर से निकले थे। दोपहर 1 बजे उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। काफी तलाश के बाद परिजनों ने गांधीनगर थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिजनों और समाजजनों के अनुसार, गुरुवार को आरोपियों ने कमलसिंह की बाइक उनके खेत पर छोड़ दी थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह करीब 11 से 11:30 बजे खेत की मेड़ पर उनका शव मिला।
हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर एफएसएल और एमओबी टीमों को बुलाया गया। दोनों टीमों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में एक नाबालिग पर संदेह जताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हत्या के पीछे की वजह क्या थी और वारदात में कौन-कौन शामिल है, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
उधर, शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए जाने के बाद रावणा राजपूत समाज के लोग और परिजन बड़ी संख्या में वहां एकत्र हो गए। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम नहीं कराने और शव नहीं उठाने का ऐलान किया।
मीडिया से बातचीत में रावणा राजपूत समाज के जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने गांधीनगर पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस की लापरवाही के कारण एक शांत और सीधे-साधे व्यक्ति की जान चली गई, जिसकी किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था। उनका आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस टालमटोल करती रही। गुरुवार रात 10 बजे जाकर लोकेशन ट्रेस होने की बात कही गई, जबकि पुलिस चाहती तो बेहद कम समय में आरोपियों को पकड़ सकती थी।
समाज और परिजनों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा और मोर्चरी से शव भी नहीं लिया जाएगा। घटना के बाद मालोला सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
गांधीनगर थाना प्रभारी पुष्पा कासोटिया ने बताया कि 25 नवंबर को दोपहर बाद कमलसिंह के लापता होने की रिपोर्ट मिली थी। परिजनों के अनुसार, वह 24 नवंबर को घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इस पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की गई थी। तलाश के दौरान शुक्रवार को खेत में झाड़ियों के बीच उनका शव मिला।
थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों ने फिलहाल किसी पर संदेह नहीं जताया है। पुलिस को मृतक की कॉल डिटेल मिल चुकी है, जिसके आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की जाएगी। अब पुलिस जांच में हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के साथ ही परिजनों और समाज की गिरफ्तारी की मांग के बीच मामले में आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।