भीलवाड़ा। बदनोर थाना क्षेत्र के बिच्छुदड़ा गांव में सरपंच चुनाव की दोबारा मतगणना की मांग को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक उपद्रव में बदल गया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव कर सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की तथा स्कूल परिसर में आगजनी कर दी। जान बचाने के लिए चार पुलिसकर्मियों को मकान के बाथरूम में छिपना पड़ा, लेकिन हमलावरों ने लोहे के सरिये से दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और लाठियों से बेरहमी से पीटा। घटना में आठ पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने मामले में सरपंच पद की हारी प्रत्याशी के पति सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

घटना 17 नवंबर 2026 की है। उपसरपंच चुनाव की ड्यूटी पूरी करने के बाद बदनोर थाना प्रभारी शम्भूदयाल मीणा पुलिस जाब्ते के साथ बिच्छुदड़ा पहुंचे थे। उस दौरान ग्रामीणों ने दोबारा मतगणना की मांग को लेकर जोनल मजिस्ट्रेट सुनील कुमार खाडिया और पोलिंग पार्टी के वाहनों का रास्ता रोक रखा था।

घटना की सूचना मिलने पर मसूदा डीएसपी शिवराज सिंह, चुनाव सुपरवाइजर अनिल पंवार और बार थाना प्रभारी समजिदा बानो अतिरिक्त पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने सड़क पर कांटे और पत्थर डालकर रास्ता जाम कर दिया। इसके बाद उपद्रवियों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की पानी की टंकियां तोड़ दीं और चुनावी टेंट में आग लगा दी। इस दौरान पुलिस पर पथराव किया गया, जिससे डीएसपी की सरकारी बोलेरो और चुनाव सुपरवाइजर की इनोवा क्षतिग्रस्त हो गई।

उपद्रव के दौरान भीड़ के हमले से बचने के लिए कांस्टेबल छोटूराम, बनवारीलाल, महिला कांस्टेबल नीतू और हेड कांस्टेबल सम्पतराज स्कूल के सामने स्थित श्रवण पुत्र मानाराम के मकान के बाथरूम में छिप गए। हमलावर मकान में घुस आए और लोहे के सरिये से बाथरूम का दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद चारों पुलिसकर्मियों को बाहर खींचकर लाठियों से पीटा गया। स्थिति की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी शम्भूदयाल मीणा, डीएसपी शिवराज सिंह और अनिल पंवार अतिरिक्त पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों के बीच फंसे पुलिसकर्मियों को छुड़ाया।

पथराव और लाठियों से किए गए हमले में कुल आठ पुलिसकर्मी घायल हुए। इनमें कांस्टेबल छोटूराम (33), बनवारीलाल (34), महिला कांस्टेबल नीतू (29), हेड कांस्टेबल सम्पतराज (57), महिला कांस्टेबल मीना (32), कांस्टेबल मोहनलाल (44), हरिराम (26) और सुभाष (24) शामिल हैं। घायल पुलिसकर्मी नागौर, भरतपुर, बाड़मेर, जालोर, चूरू और अन्य क्षेत्रों के निवासी हैं। ये सभी विभिन्न थानों और ब्यावर पुलिस लाइन में तैनात थे।

घटना के संबंध में बदनोर थाना प्रभारी शम्भूदयाल मीणा की रिपोर्ट पर पुलिस ने 13 पुरुषों और 8 महिलाओं सहित कुल 21 नामजद आरोपियों तथा अन्य उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा 109 बीएनएस, बलवा, राजकार्य में बाधा और लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

मामले की जांच ब्यावर जिले के रायपुर वृत्ताधिकारी बंशीलाल पांडर कर रहे हैं। डीएसपी पांडर ने कार्रवाई करते हुए महावीर सिंह पुत्र पूरणसिंह रावत निवासी बिच्छुदड़ा और सुरेंद्र सिंह पुत्र अमरसिंह रावत निवासी सालरमाला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महावीर सिंह की पत्नी सरपंच पद का चुनाव हार गई थी। अगले दिन उपसरपंच चुनाव संपन्न होने के बाद महावीर सिंह सहित ग्रामीणों ने दोबारा मतगणना की मांग को लेकर उपद्रव किया था।

पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले में नामजद शेष आरोपियों और अन्य उपद्रवियों की तलाश जारी है। चुनावी मतगणना की मांग से शुरू हुआ यह विवाद पुलिसकर्मियों पर हमले, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के गंभीर मामले में तब्दील हो गया है।

Tags: