भीलवाड़ा के भजनामृत कार्यक्रम के दौरान मेज पर रखी गाय गौरी की माला पहनी हुई तस्वीर दिख रही है।

भीलवाड़ा में गौ सेवा और पारिवारिक संवेदनाओं की अनूठी मिसाल सामने आई है। आरसी व्यास कॉलोनी निवासी अधिवक्ता अशोक गट्टाणी एवं उनके परिवार ने वर्ष 2016 से 2026 तक लगभग 10 वर्षों तक गौ माता का अपने घर में पालन-पोषण किया। परिवार ने गौ माता को केवल परिवार का सदस्य नहीं, बल्कि मां का दर्जा देकर सम्मान और स्नेह प्रदान किया। परिवार के सदस्य उन्हें प्रेमपूर्वक ‘गौरी’ नाम से पुकारते थे।

गौरी ने हाल ही में गोपाष्टमी के पावन अवसर पर अंतिम सांस ली। उनके निधन से गट्टाणी परिवार भावुक हो उठा। परिवार ने पूरे विधि-विधान से फूलों से सजे वाहन में गौरी की अंतिम यात्रा निकाली। इसमें क्षेत्र के सैकड़ों गौ भक्त शामिल हुए और गौ माता के प्रति अपनी श्रद्धा एवं संवेदना व्यक्त की। इसके बाद कोठारी नदी के तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गौरी का अंतिम संस्कार किया गया।

गौरी के निधन के बारहवें दिन 27 नवंबर को उनकी स्मृति में ‘गौरी भजनामृत’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सुंदरकांड पाठ और रामधुन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी की ओर से कार्यालय प्रभारी बाबूलाल टाक एवं सोशल मीडिया प्रभारी दिनेश सुथार शामिल हुए। उपस्थित गौ भक्तों और जनसमुदाय ने गौरी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर विधायक अशोक कुमार कोठारी की ओर से कार्यालय प्रभारी बाबूलाल टाक ने गौ सम्मान आव्हान अभियान के तीसरे चरण की जानकारी दी। उन्होंने अभियान के पत्रक पर अधिक से अधिक लोगों से हस्ताक्षर करने का आह्वान किया। साथ ही 17 दिसंबर 2026 को महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम गौ सम्मान से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करने के लिए जयपुर पहुंचने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान गौ माता के प्रति श्रद्धा, सेवा और संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। गट्टाणी परिवार का मानना है कि जहां गौ माता की सेवा होती है, वहां ठाकुर जी निवास करते हैं। इसी भावना के साथ परिवार ने एक दशक तक गौरी को अपने घर में मां के समान स्थान देकर उनकी सेवा की। परिवार की इस आत्मीयता ने कार्यक्रम में मौजूद जनसमुदाय को भावविभोर कर दिया।

गौरी की स्मृति में आयोजित भजनामृत कार्यक्रम ने गौ सेवा, करुणा और जीवों के प्रति आत्मीयता के संदेश को आगे बढ़ाया। इस दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने गौ सम्मान अभियान के पत्रक पर हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपना समर्थन भी व्यक्त किया।

Tags: