भीलवाड़ा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में शामिल होने के बावजूद प्रदेश के हजारों पात्र परिवार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के गैस कनेक्शन से वंचित हैं। इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को पत्र लिखकर वंचित परिवारों को नए गैस कनेक्शन जारी करने के लिए राज्य स्तर पर नीतिगत निर्णय लेने का आग्रह किया है।

विधायक कोठारी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में 16वीं राजस्थान विधानसभा के तृतीय सत्र के दौरान तारांकित प्रश्न के माध्यम से मांगी गई जानकारी का उल्लेख किया। इस प्रश्न में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में शामिल उन परिवारों की संख्या की जानकारी मांगी गई थी, जिन्हें अब तक उज्ज्वला गैस कनेक्शन नहीं मिल पाया है।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से दिए गए जवाब के अनुसार, प्रदेश में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत कुल 1 करोड़ 6 लाख 87 हजार 62 परिवार सम्मिलित हैं। इनमें से 73.8 लाख परिवारों को गैस कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। वहीं, उज्ज्वला गैस कनेक्शन के लिए 1 लाख 35 हजार 391 आवेदन प्राप्त हुए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन जारी करने का निर्धारित लक्ष्य पूरा हो जाने के कारण फिलहाल नए कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया स्थगित है।

विधायक कोठारी ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़े अनेक गरीब परिवार आज भी उज्ज्वला गैस कनेक्शन से वंचित हैं। गैस कनेक्शन उपलब्ध नहीं होने के कारण इन परिवारों को खाना बनाने के लिए महंगी दरों पर गैस की व्यवस्था करनी पड़ती है या फिर अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना आवश्यक है। उज्ज्वला गैस कनेक्शन से वंचित पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिलने से उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी और उनका घरेलू जीवन अधिक सुविधाजनक बन सकेगा।

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से आग्रह किया कि राज्य सरकार इस विषय पर नीतिगत निर्णय लेकर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़े उज्ज्वला गैस कनेक्शन से वंचित पात्र परिवारों को नए गैस कनेक्शन जारी करने की व्यवस्था सुनिश्चित करे। इससे योजना के पात्र गरीब परिवारों को स्वच्छ ईंधन का लाभ मिल सकेगा और उन पर पड़ रहा आर्थिक बोझ कम करने में मदद मिलेगी।

Tags: