अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में नवजात इकाई के पास दो कर्मी, अधिकारी और चिकित्सक खड़े दिख रहे हैं।


भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय के पालना गृह में एक नवजात बच्ची के मिलने से अस्पताल प्रशासन में हलचल मच गई। पालना गृह का सायरन बजते ही अस्पताल की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को गंभीर हालत में तत्काल एनआईसीयू में भर्ती कराया। महज 1 किलो 100 ग्राम वजन की यह नवजात जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।

पालना गृह में बच्ची मिलने की सूचना पर चिकित्सक डॉ. इन्द्रासिंह और नर्सिंग प्रभारी सुनील पोरवाल की टीम ने तत्काल उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया और उपचार शुरू किया। बच्ची की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे विशेष निगरानी में रखा गया है।

मामले की जानकारी मिलने पर बाल कल्याण समिति न्यायपीठ के सदस्य विनोद राव अस्पताल पहुंचे। उन्होंने एनआईसीयू में भर्ती नवजात के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर उपचार एवं समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सा अधीक्षक को बच्ची की देखरेख के लिए यशोदा कर्मचारी लगाने के निर्देश भी दिए।

बाल कल्याण समिति अध्यक्ष चन्द्रकला ओझा और सदस्य विनोद राव ने नवजात बच्ची को काल्पनिक नाम 'चिंगारी' दिया है। किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला गार्ड लगाने के संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा गया है।

अब चिंगारी की सुरक्षा, उपचार और पुनर्वास की जिम्मेदारी बाल कल्याण समिति संभालेगी। एक ओर चिकित्सकों की टीम उसकी जिंदगी बचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर उसके सुरक्षित भविष्य को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल सभी की उम्मीदें नन्ही चिंगारी के स्वस्थ होने और जिंदगी की नई शुरुआत करने पर टिकी हैं।

Tags: