भीलवाड़ा। गंगापुर में एक्सीडेंट के बाद फरार होने की कोशिश कर रहे एक तस्कर की कार ने मादक पदार्थों की तस्करी का खुलासा कर दिया। पुलिस से बचने के लिए चालक कार को खेतों के कच्चे रास्ते पर ले गया, लेकिन आगे रास्ता बंद मिलने पर वह कार छोड़कर पैदल ही फरार हो गया। पुलिस ने पीछे छूटी स्विफ्ट कार की तलाशी ली तो डिक्की में छिपाकर रखे दो कट्टों से 45 किलो 460 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ।

रायपुर पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम गंगापुर में एक्सीडेंट के बाद एक कार के फरार होने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी राजेश तिवाड़ी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार का पीछा शुरू किया। पुलिस से बचने के प्रयास में चालक कार लेकर नायकों का खेड़ा (केरपुरा) गांव से आगे खेतों के कच्चे रास्ते पर पहुंच गया। हालांकि, आगे रास्ता बंद होने के कारण उसकी भागने की कोशिश नाकाम हो गई। चालक कार को वहीं छोड़कर पैदल फरार हो गया।

इसके बाद पुलिस ने लावारिस हालत में मिली स्विफ्ट कार की तलाशी ली। इस दौरान कार की डिक्की में रखे दो कट्टों से 45 किलो 460 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने कार और मादक पदार्थ जब्त कर फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मामले की अग्रिम जांच करेड़ा थाना प्रभारी मूलचंद वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस अब फरार चालक की तलाश के साथ मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

Tags: