भीलवाड़ा। जिले के मांडल थाना क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर के मर्डगार्ड पर बैठे 25 वर्षीय मजदूर की गिरने के बाद ट्रॉली के पहिए से कुचलकर मौत हो गई। हादसा नीमखेड़ा चौराहे के पास हुआ। सूचना मिलने पर मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

मांडल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालापुरा निवासी 25 वर्षीय सुवालाल पुत्र लादू भील शनिवार को मजदूरी करने गया था। दोपहर में चालक सांवर भील ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी खाली करने के बाद कजलोदिया की ओर जा रहा था। इस दौरान सुवालाल ट्रैक्टर के मर्डगार्ड पर बैठा हुआ था।

नीमखेड़ा चौराहे के पास ट्रैक्टर पहुंचने पर चालक सांवर ने वाहन को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चलाया। वाहन के झटके से सुवालाल मर्डगार्ड से उछलकर सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान पीछे चल रही ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। हादसे में सुवालाल गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल सुवालाल को मांडल उप जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर मांडल थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट प्राप्त कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

भीलवाड़ा। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सुखाड़िया सर्किल के पास 24.840 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त के साथ पंजाब के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी दो संदिग्ध बैग लेकर बस का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, एएनटीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि भीलवाड़ा-अजमेर रोड स्थित सुखाड़िया सर्किल के पास एक व्यक्ति दो संदिग्ध बैग लेकर बस के इंतजार में खड़ा है। सूचना मिलते ही टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर योजनाबद्ध तरीके से संदिग्ध व्यक्ति की घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही आरोपी घबरा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम संदीप (29) पुत्र बक्षी सिंह, निवासी पिपली थाना फरीदकोट, पंजाब, हाल निवासी कोटकपूरा (पंजाब) बताया। बैगों की तलाशी लेने पर उनमें कुल 24.840 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संदीप मध्य प्रदेश से डोडा-पोस्त खरीदकर राजस्थान के रास्ते पंजाब ले जाता था। इस मादक पदार्थ की खेप पहुंचाने के लिए उसे प्रति चक्कर 10,000 रुपये मिलते थे। एएनटीएफ की कार्रवाई के बाद पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ की सप्लाई करने वाले और खरीदने वाले नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Tags: