भीलवाड़ा: बापू और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कलेक्टर ने किया माल्यार्पण
जिला कलेक्ट्रेट और अस्पताल परिसर में प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद अधिकारियों ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
तस्वीर में जिला कलेक्टर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
भीलवाड़ा, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिले में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया।
जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बापू के प्रिय भजनों ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ एवं ‘रघुपति राघव राजा राम’ का गायन किया गया।
गांधी जयंती के साथ पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती भी मनाई गई। उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इसके साथ ही महात्मा गांधी राजकीय अस्पताल एवं नगर विकास न्यास परिसर में स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सद्भाव के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर सिटी श्रीमती प्रतिभा देवटिया, नगर विकास न्यास सचिव श्री सालुंखे गौरव रविंद्र, नगर निगम आयुक्त श्री कमल सिंह यादव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक श्री रामवतार जाट सहित अधिकारी, कार्मिक एवं आमजन मौजूद रहे।