भीलवाड़ा में कॉन्ट्रैक्टर पर जानलेवा हमला, बदमाशों ने सरिए से तोड़ा पैर
सुखाड़िया नगर में 7-8 बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तस्वीर में दिख रही स्थिति के अनुसार, पैरों में प्लास्टर बंधा व्यक्ति अस्पताल के बेड पर लेटा हुआ है।
भीलवाड़ा। राजस्थान के वस्त्र नगरी कहे जाने वाले भीलवाड़ा शहर में सदर थाना क्षेत्र के सुखाडिय़ा नगर से बदमाशों के दुस्साहस का मामला सामने आया है। यहां घर लौट रहे एक कॉन्ट्रैक्टर पर 7-8 अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे के सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में कॉन्ट्रैक्टर का पैर फ्रैक्चर हो गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में उपचाररत सुखाडिय़ा नगर निवासी कॉन्ट्रैक्टर विपिन पटवारी ने मीडिया को बताया कि बीती रात करीब 8:30 बजे वह टंकी के बालाजी मंदिर वाले रूट से अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सुखाडिय़ा नगर में सगसजी के स्थान के पास पहले से घात लगाकर बैठे 7-8 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें अचानक घेर लिया।
विपिन पटवारी के अनुसार हमलावरों से उनकी किसी भी तरह की पुरानी रंजिश या विवाद नहीं था। इसके बावजूद आरोपियों ने उनके पैर पर लोहे के सरिए और लाठियों से हमला किया, जिससे उनका पैर फ्रैक्चर हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी धौंस जमाते हुए मौके से फरार हो गए।
भीलवाड़ा शहर में पिछले कुछ दिनों में लगातार सामने आ रही वारदातों ने पुलिस गश्त और खुफिया तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते तीन से चार दिन में ऐसी तीन वारदातें सामने आ चुकी हैं। महज दो दिन पहले सिविल लाइंस जैसे पॉश इलाके में एक बदमाश ने सरेआम वकील गोविंद पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। इसी तरह पुरानी धानमंडी क्षेत्र में मकान पर हमला किया गया और अब अज्ञात बदमाशों ने कॉन्ट्रैक्टर को निशाना बनाकर उसका पैर तोड़ दिया।
विपिन पटवारी की शिकायत पर सदर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। लगातार सामने आ रही इन वारदातों के बीच आम नागरिकों की सुरक्षा और शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।