भीलवाड़ा नगर निगम ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों की सुविधा के लिए पीएम ई-बस सेवा का विस्तार करते हुए नए रूट शुरू किए हैं। नगर निगम महापौर जसवंत कंवर एवं आयुक्त कमल सिंह यादव के निर्देशानुसार कई पुराने रूटों का भी विस्तार किया गया है। नए मार्ग शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में यात्रियों के बीच उत्साह देखा गया।

03 अक्टूबर 2026 को भीलवाड़ा से प्रसिद्ध ‘त्रिदेव महादेव प्राकट्य स्थल’ के लिए विशेष ई-बस सेवा की विधिवत शुरुआत की गई। इस सेवा से शनिवार-रविवार और सोमवार को त्रिदेव महादेव के दर्शन के लिए जाने वाले भक्तों को सुगम और आरामदायक परिवहन सुविधा मिलेगी।

भीलवाड़ा से सवाईपुर-आकोला होते हुए सुठेपा गांव तक शुरू किए गए नए मार्ग पर यात्रियों और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ ई-बस का स्वागत किया। गोवटा माता मंदिर, दरीबा, सुठेपा, सिंहपुर बरडोद, आमली और आकोला के ग्रामीणों ने ई-बस के गांव पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। ग्रामीणों ने स्वागत के साथ उत्साहपूर्वक टिकट लेकर ई-बस से यात्रा भी की।

नगर निगम की ओर से त्रिदेव महादेव प्राकट्य स्थल के लिए नया मार्ग शुरू किया गया है। सवाईपुर-आकोला होते हुए सुठेपा तक नया रूट चालू किया गया है। पिथास, अमरगढ़ और भीलड़ी होते हुए बागौर के लिए नया सीधा मार्ग तैयार किया गया है।

रायला से कंवलियास महादेव तक भी ई-बस सेवा का विस्तार किया गया है। शनिवार-रविवार और सोमवार को रायला रूट की बस कंवलियास महादेव तक संचालित होगी। कारोई जाने वाली ई-बस सेवा को गंगापुर तक बढ़ाया गया है, जबकि भादू रूट की बस को आगे बढ़ाकर बाकली कॉलेज तक किया गया है।

बागौर मार्ग में सुरास और डेढ़वास गांवों को जोड़ा गया है। शनिवार-रविवार और नवरात्रि के अवसर पर सिंगोली रूट की बस गोवटा माता मंदिर तक संचालित होगी। इसके अलावा बड़ा महुआ रूट की बस अब कोटड़ी तक, आमां रूट की बस सुठेपा तक, हमीरगढ़ रूट की बस बरडोद तक और कोचरिया रूट की बस टहूंका चौराहा तक बढ़ाई गई है।

नगर निगम प्रशासन के इन रूट विस्तारों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान और किफायती हुआ है। इससे दैनिक यात्रियों के साथ-साथ त्रिदेव महादेव और अन्य धार्मिक स्थलों पर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परिवहन सुविधा का लाभ मिलेगा।

Tags: