भीलवाड़ा के कटार गांव में खड्डे में डूबने से 9 साल के बच्चे की मौत
ननिहाल आए बच्चे की खेत में मवेशी चराते समय बरसाती पानी से भरे गड्ढे में गिरने से जान गई, पुलिस ने मर्ग दर्ज किया।
भीलवाड़ा जिले के कटार गांव में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। ननिहाल आए नौ वर्षीय मासूम हरीओम की बरसाती पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और कटार गांव सहित उसके पैतृक गांव सूतीखेड़ा में शोक की लहर दौड़ गई।
आसींद थाने के दीवान मंगल सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि विजयनगर थाने के सूतीखेड़ा गांव निवासी रामप्रसाद साहू का 9 वर्षीय बेटा हरीओम इन दिनों कटार गांव में अपने ननिहाल आया हुआ था। बुधवार को हरीओम अपनी छोटी बहन के साथ गांव के नजदीक खेतों में गाय-भैंस चराने गया था।
इसी दौरान हरीओम का पैर फिसल गया और वह पास ही बने बरसाती पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरा। पानी में डूबते भाई को देखकर उसकी छोटी बहन घबरा गई और उसने तत्काल परिजनों को घटना की सूचना दी।
जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और हरीओम को आनन-फानन में गड्ढे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे आसींद चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मृतक के मामा सुरेश तेली की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
हरीओम की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ननिहाल आए मासूम की बरसाती पानी से भरे गड्ढे में डूबने की इस घटना के बाद कटार और सूतीखेड़ा गांव में शोक का माहौल है।