Bhilwara News: अवैध देशी पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार, गांधीनगर पुलिस की कार्रवाई
100 फीट रोड पर पिस्टल बेचने की फिराक में घूम रहे गणेश पूरी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा; आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज।
भीलवाड़ा। अवैध हथियारों की धरपकड़ को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर चल रही विशेष मुहिम के तहत गांधीनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी 100 फीट रोड से जोधड़ास ओवरब्रिज की तरफ पिस्टल बेचने की फिराक में घूम रहा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश आर्य और वृत्ताधिकारी (शहर) सज्जन सिंह के निकटतम सुपरविजन में गांधीनगर थानाधिकारी श्रीमती पुष्पा कसोटिया के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। बुधवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्रे टी-शर्ट और काले पजामे में एक संदिग्ध युवक 100 फीट रोड पर घूम रहा है। उसके पास अवैध हथियार है और वह उसे किसी को बेचने की कोशिश में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही युवक घबरा गया और तेज कदमों से जंगल की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा करते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर युवक के पजामे की जेब से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गणेश पूरी (19), निवासी- महाराज की होटल के पास, विवेकानन्द नगर बताया। पुलिस ने अवैध पिस्टल जब्त कर गणेश पूरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना गांधीनगर पर आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में गांधीनगर थाना प्रभारी श्रीमती पुष्पा कसोटिया, कांस्टेबल मुखराम, रोहिताश, भूपेंद्र सिंह, घीसूलाल आदि शामिल रहे। अवैध हथियार के साथ युवक की गिरफ्तारी गांधीनगर थाना पुलिस की हथियारों की धरपकड़ को लेकर की गई कार्रवाई में सामने आई है।