भीलवाड़ा के गुरला में मकान में लगी आग, 3 लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर राख
| छत की पट्टियां नहीं टूटने से नीचे सो रहा परिवार सुरक्षित बच गया, पड़ोसियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
भीलवाड़ा। जिले के गुरला में आधी रात के बाद एक मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने कुछ ही देर में मकान के ऊपरी कमरे में रखे घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में कपड़े, बिस्तर, घरेलू सामान, मेकअप और आर्टिफिशियल सामान के साथ खोटी में रखी मक्की की दो बोरियां भी जलकर राख हो गईं। आग से करीब 2 से 3 लाख रुपये का सामान नष्ट हो गया। हालांकि, मकान में सो रहा पूरा परिवार सुरक्षित बच गया।
जानकारी के अनुसार, आग की यह घटना बाबू लाल/रामचंद्र रेगर के मकान में रात करीब 12 बजे के बाद हुई। मकान से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। पड़ोसियों ने करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
छत की पट्टियां नहीं टूटीं, टला बड़ा हादसा
आग लगने के दौरान मकान की छत की पट्टियां नहीं टूटीं। पूरा परिवार छत के नीचे सो रहा था। यदि आग के कारण छत की पट्टियां टूट जातीं तो नीचे सो रहे परिवार के सदस्यों के साथ बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।
आधी रात को लगी आग ने परिवार का घरेलू सामान और जमा पूंजी पूरी तरह नष्ट कर दी। घटना में करीब 2 से 3 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान होने से पीड़ित परिवार को भारी क्षति पहुंची है।