तस्वीर में भीलवाड़ा स्वदेशी मेला आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व अन्य जनप्रतिनिधियों को निमंत्रण देते हुए नजर आ रहे हैं।

भीलवाड़ा में नए साल 2027 की शुरुआत अखिल भारतीय स्वदेशी मेले के आयोजन के साथ होगी। आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड पर 1 जनवरी से दस दिवसीय अखिल भारतीय स्वदेशी मेला आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर 2 बजे मेले का शुभारंभ करेंगे। आयोजन को लेकर स्वदेशी मेला आयोजन समिति ने अध्यक्ष एवं सांसद दामोदर अग्रवाल के नेतृत्व में सोमवार को जयपुर में मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रित किया।

समिति ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और स्वदेशी के प्रति जनजागृति के उद्देश्य से आयोजित इस मेले को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसमें शामिल होने की सहमति प्रदान की है। जयपुर में समिति के प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री दियाकुमारी, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार और सीकर के पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती से भी मुलाकात कर उन्हें मेले में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं मेला आयोजन समिति के संयोजक राजकुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मेले का उद्घाटन समारोह 1 जनवरी को दोपहर 2 बजे होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समारोह के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठक कश्मीरी लाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह में अन्तरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शाहपुरा के पीठाधीश्वर जगद्गुरु आचार्य रामदयाल महाराज और उदासीन आश्रम भीलवाड़ा के महामंडलेश्वर हंसाराम महाराज का सानिध्य भी प्राप्त होगा।

भीलवाड़ा जिले के जनप्रतिनिधियों और गणमान्यजनों की मौजूदगी में आयोजित होने वाले उद्घाटन समारोह में 151 विद्यार्थी राष्ट्रगीत वंदेमातरम् की प्रस्तुति देंगे।

आयोजन सचिव एवं सहकार भारती के प्रदेश महामंत्री सीए सुनील सोमानी ने बताया कि मेले में देशभर के विभिन्न क्षेत्रों में निर्मित 700 स्वदेशी वस्तुओं की स्टॉल लगाई जाएंगी। इनके माध्यम से देश में निर्मित वस्तुओं के उपयोग को प्रोत्साहित करने के साथ आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वावलम्बन का संदेश दिया जाएगा।

जयपुर में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने वाले प्रतिनिधिमंडल में स्वदेशी जागरण मंच के प्रान्त सह संयोजक एवं मेला समन्वयक डॉ. देवीलाल साहू, स्वावलम्बी भारत अभियान के प्रान्त सह समन्वयक एवं मेला समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेशचंद्र नवहाल और मेला सह संयोजक राजेन्द्र गहलोत सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

आयोजन समिति ने मेले की तैयारियां शुरू कर दी हैं। दस दिवसीय आयोजन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। देशभर की 700 स्वदेशी वस्तुओं की स्टॉल के साथ यह मेला स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार और आर्थिक स्वावलम्बन के संदेश को प्रमुखता से सामने रखेगा।

Tags: