भीलवाड़ा: खेत पर काम करने गई 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला का कुएं में मिला शव
| गुमशुदगी के दो दिन बाद बुधवार सुबह खेत के कुएं में तैरता मिला शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा
भीलवाड़ा। खेत पर काम करने निकली 68 वर्षीय धापू देवी की तलाश में दो दिन से भटक रहे परिवार की उम्मीदों का अंत बुधवार सुबह दर्दनाक खबर के साथ हुआ। बुजुर्ग महिला का शव अपने ही खेत के कुएं में तैरता मिला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुर थाना पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
जानकारी के अनुसार माली मोहल्ला पुर निवासी धापू देवी (68) पत्नी पन्ना लाल माली 17 नवंबर को सुबह खेत पर काम करने के लिए घर से निकली थीं। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने रातभर खेत-खलिहानों तथा आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने पुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
बुधवार सुबह परिजन एक बार फिर खेत पहुंचे और आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान उनकी नजर खेत में बने कुएं पर पड़ी, जहां धापू देवी का शव पानी में तैरता दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गए और परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को भीलवाड़ा के एमजीएच अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया गया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पानी निकालते समय पैर फिसलने की आशंका
पुर थाना प्रभारी सोहन लाल ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के अनुसार धापू देवी की मौत कुएं से पानी निकालते समय अचानक पैर फिसलने और पानी में डूबने से होने की आशंका है। परिजनों ने मामले में किसी भी प्रकार का संदेह जाहिर नहीं किया है।
धापू देवी की अचानक हुई मौत से माली मोहल्ले और पुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। खेत पर काम करने गई बुजुर्ग महिला के घर नहीं लौटने पर दो दिन तक परिवार उनकी सलामती की उम्मीद में तलाश करता रहा, लेकिन बुधवार सुबह कुएं में शव मिलने के साथ ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।