भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने गोपाष्टमी पर तलवाड़ा में गौवंश गोद लिया
| गाँव गोद योजना के तहत विधि-विधान से पूजन कर गौ संरक्षण का संकल्प लिया; विधायक पिछले 15 वर्षों से इस गांव में निरंतर कर रहे हैं गौसेवा।
बांसवाड़ा के तलवाड़ा में गोपाष्टमी पर विधायक अशोक कोठारी ने गौवंश गोद लिया।
भीलवाड़ा। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने गौसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए बांसवाड़ा जिले के तलवाड़ा ग्राम में गौवंश एवं बछड़ों को गोद लिया। उन्होंने विधि-विधान से गौ माता का पूजन कर गाँव गोद योजना के तहत गौवंश के संरक्षण और सेवा का संकल्प लिया। विधायक कोठारी पिछले 15 वर्षों से इस गांव में गौवंश को गोद लेकर उनके संरक्षण एवं सेवा का कार्य निरंतर कर रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक कोठारी ने प्रदेशवासियों को गोपाष्टमी की हार्दिक मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गौ माता सृष्टि का आधार स्तंभ हैं और भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा में उनका स्थान सर्वोच्च एवं पूजनीय है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी गौ रक्षा के विषय को स्वराज से अधिक महत्वपूर्ण बताया था।
विधायक कोठारी ने कहा कि गौ माता का संरक्षण केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत, संवेदना और सामाजिक दायित्व का भी अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कामना की कि गौ माता सभी के जीवन में समृद्धि, आध्यात्मिकता और आनंद का संचार करें।
इस दौरान विधायक कोठारी के साथ गौ भक्त वीपी सिंह, राजेश रांका सहित अन्य गोसेवक भी मौजूद रहे। गोपाष्टमी के अवसर पर गाँव गोद योजना के तहत गौवंश और बछड़ों को गोद लेकर विधायक ने पिछले 15 वर्षों से जारी गौसेवा एवं संरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ाया।