डीग जिले के नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में रामलीला के पांचवें दिन भगवान श्रीराम और चारों भाइयों के विवाह उत्सव के दौरान विधि-विधान से पूजन करते हुए श्रद्धालु और कलाकार।

डीग, 13 अक्टूबर। डीग जिले में आचार्य पंडित नारायण लाल अखाड़ा रामलीला समिति की ओर से नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित रामलीला के पांचवें दिन भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों का विवाह उत्सव विधि-विधान के साथ मनाया गया। इससे पहले मंदिर से गाजे-बाजे के साथ भव्य राम बारात निकाली गई, जिसमें हजारों भक्तों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

राम बारात नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर से रवाना होकर मुख्य बाजार, गणेश मंदिर सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। बारात में मोहन वंशी वाले, भागवताचार्य राजेंद्र उपाध्याय बंसी वाले, विष्णु उपाध्याय बंसी वाले और संयोजक भगवान शरण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु, बच्चे और भक्त शामिल रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा।

राम बारात के शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरने के दौरान जगह-जगह भक्तों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा भगवान की आरती उतारी। बारात में सजे-धजे भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के साथ शिव-पार्वती तथा गणेश जी की मनमोहक और आकर्षक झांकियां निकाली गईं। इन झांकियों ने शहरवासियों को आनंदित किया। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह देखने को मिला।

रामलीला के मंचन और कार्यक्रम का संचालन पंडित हरगोविन्द शास्त्री ने किया। इस अवसर पर रामलीला समिति के अधिष्ठाता पंडित सूर्यभान शास्त्री ने बताया कि अखाड़ा समिति की ओर से पिछले 137 वर्षों से रामलीला मंचन की परंपरा निभाई जा रही है। उन्होंने कहा कि समाज में नवचेतना के उद्देश्य से पंडित नारायण लाल जी के टीवी वंशजों ने इस परंपरा को आज भी जीवंत रखा है।

पंडित सूर्यभान शास्त्री ने बताया कि आगामी दिनों में भगवान श्रीराम के वन गमन, केवट संवाद सहित अन्य लीलाओं का सुंदर और आकर्षक मंचन किया जाएगा। इस तरह डीग में रामलीला की ऐतिहासिक परंपरा के तहत धार्मिक आयोजनों और मंचन का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

Tags: