डीग के किशन लाल जोशी विद्यालय परिसर में आयोजित जागरूकता कार्यशाला के दौरान बैनर हाथ में लेकर शपथ लेतीं छात्राएं और उपस्थित अधिकारी।   

डीग, 13 अक्टूबर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण के उद्देश्य से डीग शहर के किशन लाल जोशी विद्यालय में कार्यशाला आयोजित की गई। महिला अधिकारिता विभाग की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला में बाल विवाह के प्रति जागरूकता फैलाने और बालिकाओं को इस कुरीति के खिलाफ संकल्प दिलाने पर जोर दिया गया।

कार्यशाला का आयोजन महिला अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त सहायक निदेशक राजेश कुमार के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में किशन लाल जोशी विद्यालय के उपप्रधानाचार्य निहाल सिंह मुख्य अतिथि तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल के डिप्टी चीफ राजेंद्र कुमार शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में डीग जिले की समस्त महिला पर्यवेक्षक, वन स्टॉप सेंटर तथा पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र का समस्त स्टाफ भी शामिल हुआ। कार्यशाला के दौरान बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति आमजन को जागरूक करने और समाज में बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य पर विशेष ध्यान दिया गया।

इस अवसर पर बालिकाओं को बाल विवाह न करने और न होने देने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यशाला के माध्यम से बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा बालिकाओं को इस सामाजिक कुरीति के विरुद्ध संकल्पबद्ध करने का प्रयास किया गया।

Tags: