कार्यभार संभालते ही एईएन मानसिंह मीणा का एक्शन, बिजली व्यवस्था सुधारने को विशेष अभियान शुरू

बयाना में एईएन मानसिंह मीणा ने कार्यभार संभालते ही बिजली लाइनों का निरीक्षण कर बेलें, टहनियां और अनावश्यक सामग्री हटाने का अभियान शुरू कराया।

Update: 2026-08-03 12:09 GMT

तस्वीर में एक बिजली के टावर पर चढ़कर उसकी सफाई और बेलें हटाने का कार्य करता हुआ एक कर्मचारी दिखाई दे रहा है।

नव नियुक्त सहायक अभियंता (एईएन) मानसिंह मीणा ने कार्यभार संभालते ही क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुरक्षित और निर्बाध बनाने के लिए विशेष निरीक्षण एवं रखरखाव अभियान शुरू करा दिया है। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने शहर और रीको औद्योगिक क्षेत्र की विद्युत लाइनों का सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विद्युत लाइनों से जुड़ी कई सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आने पर एईएन मानसिंह मीणा ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित रखरखाव और सुरक्षा उपायों पर विशेष जोर दिया।

शनिवार सुबह छह बजे से बिजली के टावरों, पोलों और ओवरहेड लाइनों पर फैली बेलों को हटाने का अभियान शुरू किया गया। इसके साथ ही विद्युत लाइनों को छू रही पेड़ों की टहनियों और शाखाओं की प्राथमिकता के आधार पर छंटाई कराई गई, जिससे आंधी-तूफान के दौरान फॉल्ट आने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की संभावनाओं को कम किया जा सके।

अभियान के दौरान बिजली के तारों पर लटक रहे कचरे, पुराने तारों और अन्य अनावश्यक सामग्री को भी हटाया गया। विभाग का उद्देश्य तकनीकी खराबियों की संभावनाओं को कम कर विद्युत आपूर्ति को अधिक सुचारू बनाए रखना है।

इस अभियान में कनिष्ठ अभियंता पूजा व्यास, एफआरटी टीम तथा फीडर इंचार्ज शिवकुमार, मुख्तयार सिंह, छैलबिहारी, हरिओम, गिर्राज सिंह, धीरज सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

एईएन मानसिंह मीणा ने बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं और औद्योगिक इकाइयों को बिना ट्रिपिंग और तकनीकी बाधाओं के सुरक्षित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विद्युत लाइनों पर फैली बेलें और पेड़ों की शाखाएं अक्सर फॉल्ट का प्रमुख कारण बनती हैं, इसलिए ऐसे रखरखाव कार्य नियमित रूप से जारी रहेंगे।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि उनके घर, दुकान या आसपास बिजली की लाइनों से पेड़ या बेलें टकरा रही हों तो उन्हें स्वयं हटाने का प्रयास न करें। इसकी सूचना तुरंत विद्युत विभाग को दें, ताकि सुरक्षित तरीके से आवश्यक कार्रवाई की जा सके। विभाग के इस अभियान से बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने और तकनीकी बाधाओं को कम करने की दिशा में प्रयास तेज हुए हैं।

Tags:    

Similar News