भुसावर में ओवरलोड ट्रकों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन वाहन पकड़े, खनिज विभाग ने लगाया लाखों का जुर्माना

भुसावर थाना क्षेत्र में ओवरलोड ट्रकों पर पुलिस की देर रात बड़ी कार्रवाई, तीन वाहन पकड़े गए। खनिज विभाग ने दस्तावेजों की जांच के बाद लाखों रुपये का जुर्माना लगाकर मामला दर्ज कराया।

Update: 2026-07-31 13:41 GMT

भुसावर थाना क्षेत्र में लगातार मिल रही ओवरलोडिंग की शिकायतों के बीच पुलिस ने देर रात सख्त कार्रवाई करते हुए खनन सामग्री से भरे तीन ओवरलोड ट्रकों को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद खनिज विभाग ने मौके पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच की और आवश्यक अभिलेख नहीं मिलने पर लाखों रुपये का जुर्माना लगाते हुए थाना भुसावर में मामला दर्ज कराया।

मिली जानकारी के अनुसार थाना भुसावर क्षेत्र में संचालित क्रेशरों से खनन सामग्री लेकर निकलने वाले वाहनों पर लगाम लगाने की लगातार पुलिस से मांग की जा रही थी। इसी के तहत थानाधिकारी राजेश मीणा के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए खनन सामग्री से भरे तीन ट्रकों को पकड़ा गया।

इस दौरान कुछ ट्रक चालकों ने बताया कि जीपीएस नहीं चलने के कारण टीपी को लेकर उन्हें कई घंटों तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है, जिसके चलते वाहन पुलिस की कार्रवाई की चपेट में आ रहे हैं।

सूचना मिलते ही खनिज विभाग के अधिकारी वीरेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे और वाहनों के दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान टीपी, रबन्ना, रॉयल्टी रसीद सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर संबंधित वाहनों पर लाखों रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा थाना भुसावर में मामला दर्ज कराया गया।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खनन सामग्री का परिवहन करने वाले ट्रक चालकों में हड़कंप मच गया। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई को क्षेत्र में ओवरलोडिंग पर सख्ती के रूप में देखा जा रहा है।

Tags:    

Similar News