भुसावर से 6 अगस्त को हरिद्वार रवाना होगी तृतीय डांक कांवड़ यात्रा, 41 शिवभक्त लाएंगे गंगाजल
भुसावर से 6 अगस्त को तृतीय डांक कांवड़ यात्रा के तहत 41 शिवभक्त हरिद्वार के लिए रवाना होंगे। महाशिवरात्रि पर गंगाजल से जलाभिषेक का आयोजन होगा।
तस्वीर में भुसावर में तृतीय शिव डांक कांवड़ यात्रा के पोस्टर के सामने खड़े शिवभक्त नजर आ रहे हैं।
भुसावर में शिव कांवड़ सेवा समिति तहसील भुसावर, भरतपुर के संयुक्त तत्वाधान में तृतीय डांक कांवड़ यात्रा 6 अगस्त, गुरुवार को हर की पौड़ी, हरिद्वार से गंगाजल लेने के लिए 41 शिवभक्तों के साथ रवाना होगी। महाकाल के जयकारों और “भोले की फौज करेगी मौज” के उद्घोष के बीच यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शिवभक्तों ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिव कांवड़ सेवा समिति भुसावर के तत्वाधान में तृतीय शिव डांक कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। 6 अगस्त, गुरुवार को कस्बे की शहरकी सड़क मार्ग स्थित शिव मंदिर में विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद शहर परिक्रमा करते हुए ठाकुर गणेश मंदिर से 41 शिवभक्तों का जत्था वाहन में सवार होकर हर की पौड़ी, हरिद्वार के लिए प्रस्थान करेगा, जहां सभी शिवभक्त स्नान कर डांक कांवड़ उठाएंगे।
यात्रा के पश्चात 11 अगस्त, सोमवार को सावन माह की महाशिवरात्रि के अवसर पर भोले की मर्जी अनुसार विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ शिवालय में गंगाजल से जलाभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही विश्व शांति एवं मानव कल्याण की भावना को लेकर हवन में आहुतियां भी प्रदान की जाएंगी।
इससे पूर्व शिव कांवड़ सेवा समिति भुसावर के तत्वाधान में आयोजित तृतीय शिव डांक कांवड़ यात्रा के पोस्टर और बैनर का विमोचन रविवार देर सायं राजा मंडी के पास स्थित ठाकुर गणेश जी मंदिर को निमंत्रण देकर शिवभक्तों द्वारा किया गया। यात्रा के माध्यम से शिवभक्त सावन माह में धार्मिक आस्था, जलाभिषेक और लोककल्याण की भावना के साथ आयोजन को संपन्न करेंगे।