भुसावर में प्रजापति समाज का जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह, सैकड़ों प्रतिभाएं हुईं सम्मानित
भुसावर में प्रजापति विकास सेवा समिति के प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्रों और नवचयनित युवाओं को सम्मानित किया गया।
तस्वीर में भुसावर में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान अतिथि और अन्य लोग नजर आ रहे हैं।
भरतपुर जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं, सरकारी नौकरी में नवचयनित युवाओं और सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों के सम्मान में प्रजापति विकास सेवा समिति तहसील भुसावर जिला भरतपुर की ओर से दक्ष महाराज की जयंती के पावन अवसर पर जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
यह समारोह रविवार 2 अगस्त को सुबह 11 बजे हिंडौन सड़क मार्ग स्थित श्री श्याम पैराडाइज में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में तहसील भुसावर सहित भरतपुर जिले के उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने वर्ष 2025-26 में 10वीं और 12वीं कक्षाओं में 80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इसके साथ ही वर्ष 2026 में सरकारी नौकरी में नवचयनित युवाओं को भी सम्मानित किया गया।
तहसील भुसावर अध्यक्ष महेंद्र सिंह प्रजापत और युवा तहसील अध्यक्ष पिंटू प्रजापत ने बताया कि सम्मान समारोह के दौरान उच्च शिक्षित व्यक्तियों द्वारा विद्यार्थियों के लिए मोटिवेशन भाषण दिए गए। इन संबोधनों के माध्यम से बच्चों को शिक्षा, प्रतिस्पर्धा और करियर निर्माण के प्रति प्रेरित किया गया।
प्रतिभा सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि धर्मवीर प्रजापति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार एवं होमगार्ड मंत्रालय उत्तर प्रदेश), दौलतराम पैशिया राष्ट्रीय अध्यक्ष राष्ट्रीय जन मंडल पार्टी, बहादुर सिंह कोली विधायक वैर-भुसावर विधानसभा क्षेत्र और मदन प्रजापत राष्ट्रीय प्रवक्ता भाजपा रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में रामवीर सिंह जिलाध्यक्ष भरतपुर मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दक्ष प्रजापति महाराज की छवि पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने तहसील भुसावर सहित भरतपुर जिले से पहुंचे प्रजापति समाज के महिला, बच्चों, युवाओं और सैकड़ों बुजुर्गों को संबोधित किया।
अतिथियों ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे बड़ी कुंजी है। विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई कर अपने परिवार, गांव और समाज का नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो जितना पीता है उतना दहाड़ता है।
उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने से युवाओं को प्रेरणा मिलती है और वे अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित होते हैं। इस दौरान अतिथियों के हाथों से सैकड़ों बच्चों को प्रशस्ति पत्र, शील्ड और पाठ्य सामग्री प्रदान की गई।
प्रजापति विकास सेवा समिति तहसील भुसावर जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में विशिष्ट अतिथि डॉ. फूलसिंह, संजय प्रजापति नोयडा, ओमकरण हरियाणा, सोहनलाल नूंह, हरग्यानसिंह, किशोरजी, देवीसिंह पत्रकार बयाना, मदनगिरी बाबा आश्रम हिंगोटा, भगवानसिंह सालाबाद, पंकज मूर्तिकार दौसा, अतरसिंह, रुद्रवीर प्रजापत अधिशासी अभियंता, शिव कुमार आगरा, प्रताप सिंह फिरोजाबाद और रामरतन सहित अन्य लोग शामिल रहे।
प्रजापति सेवा समिति तहसील भुसावर की कार्यकारिणी के तत्वावधान में आयोजित यह जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और प्रतिभाओं के सम्मान को नई दिशा देने वाला आयोजन रहा। समारोह में बड़ी संख्या में प्रजापति समाज के बंधुओं, विद्यार्थियों, महिलाओं और युवतियों की उपस्थिति रही।