भुसावर में शिव महापुराण कथा शुरू, निकली भव्य कलश यात्रा
दौसा के शिव बाबा के संयोजन में आयोजित संगीतमय कथा में जयपुर के कथा व्यास जितेन्द्र महाराज 7 अक्टूबर तक सुनाएंगे शिव महिमा।
तस्वीर में भुसावर में शिव कथा से पहले सिर पर कलश और भगवा ध्वज लिए श्रद्धालु खड़े दिख रहे हैं।
भुसावर में बुधवार 30 सितम्बर से सात दिवसीय संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। श्री शिवसेवा मण्डल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कथा 07 अक्टूबर तक हिण्डोंन सड़क मार्ग स्थित यूको बैंक के पास सेठ गूजरमल चैरिटेबल ट्रस्ट धर्मशाला में प्रतिदिन दोपहर 12 बजकर 15 मिनट से सायं 05 बजकर 15 मिनट तक होगी।
कथा के शुभारंभ से पहले कोठी वाले हनुमान जी मंदिर परिसर में वैदिक मन्त्रों के उच्चारण के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद डीजे पर बज रहे मधुर भजनों के बीच रंग-बिरंगे परिधान पहने महिला श्रद्धालुओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर भव्य कलश यात्रा निकाली। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों के साथ ओम नमः शिवाय के मन्त्रों से भुसावर क्षेत्र का वातावरण गूंजायमान एवं शिवमय हो गया। श्रद्धालु भजनों पर नृत्य करते हुए कस्बे के विभिन्न मार्गों से होकर निकले।
कलश यात्रा में भुसावर सहित उपखण्ड मुख्यालय क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालु शामिल हुए। ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा में शामिल शिव भक्तों के लिए जलपान की व्यवस्था की। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया गया और आरती उतारकर श्रद्धालुओं ने अपनी हाजिरी लगाते हुए मनोकामनाएं मांगी।
शिवसेवा मण्डल के संचालक हिंगवा निवासी तहसील सिकराय, जिला दौसा, शिष्य शिव बाबा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिवसेवा भक्त मण्डल और जन सहयोग से सेठ गूजरमल चैरिटेबल ट्रस्ट धर्मशाला में 30 सितम्बर बुधवार से सात दिवसीय संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा आयोजित की जा रही है। कथा का वाचन जयपुर से पधारे कथा व्यास श्री जितेन्द्र जी महाराज करेंगे।
उन्होंने बताया कि 30 सितम्बर बुधवार से प्रतिदिन दोपहर 12 बजकर 15 मिनट से सायं 05 बजकर 15 मिनट तक होने वाली संगीतमय शिव महापुराण कथा में शिवलिंग महिमा, पार्थी पूजन एवं महामृत्युंजय नृत्य मन्त्र का महत्व, विल्व पत्र महात्मय, शिवप्रसाद, नराद मुनि तपस्या, कुबेर दीपदान का महात्मय, सती चरित्र, शिव विवाह, कार्तिक जन्म, श्रीगणेश विवाह जन्मोत्सव, तुलसी महिमा और श्रीनर्मदा महिमा तथा द्वादश ज्योतिलिंग का श्रवण करवाया जाएगा। सात दिवसीय आयोजन के शुभारंभ के साथ ही भुसावर क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में शिवमय हो गया।