भुसावर में भामाशाह सेठ रघुनाथ प्रसाद की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
आर्य महिला विद्यापीठ सोसाइटी में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने शिक्षा और समाज सेवा क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
तस्वीर में भुसावर के आर्य महिला विद्यापीठ में समाज सेवी लोग उपस्थित हैं।
भुसावर। भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल तहसील भुसावर शहर में 29 सितंबर 2026 को छोकरवाड़ा सड़क मार्ग स्थित आर्य महिला विद्यापीठ सोसाइटी में भुसावर के प्रतिष्ठित भामाशाह और समाजसेवी सेठ रघुनाथ प्रसाद की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष श्री अशोक मित्तल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्था के मंत्री श्री अजय अग्रवाल मौजूद रहे। पुण्यतिथि के अवसर पर अध्यक्ष महोदय ने सेठ रघुनाथ प्रसाद की स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने समाज के लिए विभिन्न कार्य किए। शिक्षा की अलख जगाने के लिए किए गए उनके योगदान को विशेष रूप से याद किया गया।
इस अवसर पर सत्येंद्र गुप्ता, उप मंत्री मनोज मित्तल, शिक्षा संयोजक चंद्र अवस्थी तथा नवीन मित्तल उपस्थित रहे। भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा में श्री अमित मित्तल तथा संस्था के डायरेक्टर डीसी उपाध्याय भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजश्री ने किया।
कार्यक्रम में प्रमोद बंसल, संजय अग्रवाल के अलावा प्रबंध समिति सदस्य श्री लक्की राम भी मौजूद रहे। वक्ताओं ने बताया कि सेठ रघुनाथ प्रसाद ने क्रांतिकारी रमेश स्वामी से प्रेरित होकर वर्ष 1946 में आर्य महिला विद्यापीठ की स्थापना के लिए 52 बीघा भूमि, दुकानें और नगद राशि दान की थी।
भुसावर कस्बे में सेठ रघुनाथ प्रसाद उद्यान (पार्क) भी स्थित है, जो उनके प्रति सम्मान को दर्शाता है। पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान को स्मरण किया गया।